मृतका याचना का फाइल फोटो

दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी सपा नेता के घरवालों को नहीं पकड़ पा रही पुलिस, जानें वजह

Crime REGIONAL

रिपोर्ट के मुताबिक 19 मई की रात को सपा नेता ने भाईयों के साथ मिलकर की थी पत्नी की हत्या

Agra (Uttar Pradesh, India). थाना अछनेरा के गांव भवनपुरा में दहेज लोभी सपा नेता ने कार नहीं मिलने पर अपने भाईयों के साथ मिलकर अपनी पत्नी को बेरहमी से पीट पीटकर मार डाला था। विवाहिता के शरीर पर जगह-जगह नील के निशान थे। देखकर लग रहा था कि मारपीट हुई है। गले पर भी निशान था। हाथ की नस कटी हुई थी। मौके पर साक्ष्य भी नष्ट किए गए थे। मामले में विवाहिता के परिजनों ने छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सपा नेता ​मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशू पंड़ित को जेल भेज दिया है। लेकिन अन्य आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ पा रही है।

ये है मामला
मृतका के पिता थाना खेरागढ़ के गांव भाकर​ निवासी जगदीश प्रसाद द्वारा थाना अछनेरा में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसके अनुसार जगदीश प्रसाद ने 29 जनवरी 2016 को अपनी पुत्री याचना उर्फ निर्मला ​का विवाह थाना अछनेरा के गांव भवनपुरा निवासी सपा नेता मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशू पंड़ित पुत्र प्रेम उपाध्याय के साथ किया था। शादी तय अनुसार दहेज दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद भी सपा नेता निशू पंड़ित रोजाना निर्मला को मायके से कार लाने के लिए पीटता था।

19 मई की रात को पीटकर मार डाला
आरोप है कि 19 मई 2022 गुरूवार की रात को निशू ने निर्मला के साथ मायके से कार लाने को लेकर मारपीट कर दी। सपा नेता ने अपने भाईयों के साथ मिलकर निर्मला को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। जिसके बाद सपा नेता परिजनों के साथ घर से भाग गया। 20 मई 2022 दिन शुक्रवार को निर्मला के परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे मौके पर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

छह लोगों के खिलाफ हुआ था मुकदमा दर्ज
मामले में अछनेरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर सपा नेता पति मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशू पंड़ित, उसके भाई योगेश उपाध्याय, यशवंत उपाध्याय, मनीष उपाध्याय पुत्र प्रेम उपाध्याय, भतीजा पीयूष उपाध्याय पुत्र योगेश उपाध्याय, भाभी आशा उपाध्याय पत्नी योगेश उपाध्याय के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने हत्यारोपी पति सपा नेता निशू पंड़ित को 23 मई 2022 दिन सोमवार को जेल भेज दिया है। लेकिन अन्य आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ पा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी बदला
वहीं मृतका के परिजनों के अनुसार निर्मला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को बदल दिया है। परिजनों के अनुसार निर्मला के शरीर पर चोट के निशान थे। लेकिन ​पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में चोट के निशान नहीं दिखाए गए हैं। वहीं परिजनों ने कहा कि पुलिस जान बूझकर आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। दहेज हत्या के आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने पुलिस से मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर जेल भेजने की मांग की है।

ये बोले पुलिस अधिकारी
एस पी ग्रामीण पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने बताया है कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। मुकदमे में विवेचना जारी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।