केन्द्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और सांसद राजुकमार चाहर ने नौ बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन किट प्रदान की
Agra, Uttar Pradesh, India.केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री, भारत सरकार प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल व फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना का प्रसारण देखा और सुना। बताया गया कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के अन्तर्गत कोविड-19 से प्रभावित सभी बच्चों के लिए केंद्र सरकार के द्वारा यह एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गयी है। इस योजना के माध्यम से अनाथ बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कई प्रकार के लाभ को योजना में शामिल किया गया है।
बेसहारा और अनाथ बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत 18 वर्ष की आयु के बाद आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद पीएम केयर्स फंड के माध्यम से 10 लाख रुपए का बीमा प्रदान किया जायेगा। यह योजना लाभार्थी बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का लाभ भी प्रदान करेगी। उच्च शिक्षा हेतु बच्चों को ऋण सहायता भी योजना के माध्यम से उपलब्ध करायी जायेगी। यह ऋण राशि छात्राओं को ब्याज मुक्त प्रदान की जायेगी। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत लाभार्थी पात्र बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक 05 लाख रूपए का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जायेगा।

केद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और सांसद राजकुमार चाहर द्वारा योजना के तहत कुल 9 बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन किट प्रदान की गई। इसमें निःशुल्क स्कूली शिक्षा के साथ ही उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण की सहायता, शिक्षा ऋण के ब्याज का भुगतान पीएम केयर्स द्वारा, 23 वर्ष की आयु तक आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, बीमा के प्रीमियम का भुगतान पीएम केयर्स द्वारा, व्यक्तिगत जरूरतों के लिए 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर मासिक वित्तीय सहायता, 23 वर्ष की आयु पूरी करने पर पीएम केयर्स से 10 लाख रुपये की सहायता, कक्षा 1-12 के बच्चों के लिए 20 हजार रुपये प्रति वर्ष की छात्रवृत्ति, कौशल प्रशिक्षण के लिए कर्मा छात्रवृत्ति, तकनीकी शिक्षा के लिए स्वानाथ छात्रवृत्ति तथा 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत दिये जायेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ए मनिकन्डन, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, महिला कल्याण अधिकारी वर्तिका दीक्षित सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
- ताजनगरी में सीएम योगी का ‘राधे-राधे’, आगरा को जल्द मिलेगा ‘इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, 342 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास - July 25, 2026
- रिश्तों में ‘आंगन’ बना रहे, दीवार नहीं…रेडियो मधुबन के कार्यक्रम में कवि कुमार ललित ने बिखेरे पारिवारिक मूल्यों के मोती - July 25, 2026
- 200 साल पुरानी परंपरा: भगवान जगन्नाथ मंदिर में देवशयनी एकादशी पर भक्ति की बयार, पांचवीं पीढ़ी संभाल रही सेवा का जिम्मा - July 25, 2026