आगरा (14 फरवरी): ताजनगरी के थाना छत्ता क्षेत्र में चांदी के आभूषणों के व्यापार में बड़ी धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो कारीगर भाइयों पर एक व्यापारी की 46 किलो 100 ग्राम चांदी हड़पने का आरोप लगा है। बाजार भाव के अनुसार, इस चांदी की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। पुलिस ने अदालत के हस्तक्षेप के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पायल बनाने के बहाने ली थी चांदी
लेन गऊशाला (बेलनगंज) निवासी नीरज वर्मा, जो ‘युग ओर्नामेंट्स’ के नाम से व्यापार करते हैं, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में आनंद नगर (जगदीशपुरा) निवासी दो भाइयों—मनीष कुमार और सुभाष कुमार ने उनसे तीन किस्तों में पायल बनाने के लिए चांदी ली थी। कुल 46.100 किलो चांदी लेने के बाद न तो आरोपियों ने पायल तैयार करके दी और न ही कच्चा माल वापस लौटाया।
मांगने पर दी ‘यमुना में फेंकने’ की धमकी
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी चांदी वापस मांगी, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने यहाँ तक कहा कि “तुझे काटकर यमुना में फेंक देंगे”। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल और पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई, तो उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
पुलिस की कार्रवाई
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मनीष और सुभाष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
- Saikat Sharma ने Journalism और Digital Media में बनाई मजबूत पहचान - October 15, 2026
- डॉ. सुरेन्द्र कुमार और डॉ. लता को इंडियन आइकॉनिक अवॉर्ड से सम्मान - October 15, 2026
- लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का वीडियो आया सामने, बोली— हत्या नहीं, सुसाइड था; मेरा नाम किसी अधिकारी या नेता के साथ मत जोड़िए - October 15, 2026