आगरा: ताजनगरी के फेफड़े कहे जाने वाले ऐतिहासिक ‘पालीवाल पार्क’ की स्थिति इन दिनों सरकारी उपेक्षा और उद्यान विभाग की लापरवाही की कहानी बयां कर रही है। विभाग ने पार्क में ऊंचे-ऊंचे बोर्ड लगाकर नियमों की लंबी फेहरिस्त तो टांग दी है, लेकिन हकीकत यह है कि इन नियमों की धज्जियां खुद विभाग की नाक के नीचे उड़ाई जा रही हैं।
नियमों की ‘नुमाइश’, हकीकत में ‘नुमाइंदगी’ गायब
पार्क में लगे बोर्डों पर गुटखा थूकने, गंदगी फैलाने और पेड़ों से छेड़छाड़ करने पर सख्त मनाही के निर्देश चमक रहे हैं। सिंचाई पाइपों पर वाहन ले जाने तक की पाबंदी की चेतावनी दी गई है, लेकिन जमीन पर इन आदेशों को लागू करने वाला कोई नहीं है। उद्यान विभाग ने केवल सूचना पट लगाकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली है।
शाम ढलते ही ‘मयखाना’ बन जाता है पार्क
स्थानीय नागरिकों और मॉर्निंग वॉकर्स का आरोप है कि शाम होते ही पालीवाल पार्क असामाजिक तत्वों और शराबियों का अड्डा बन जाता है। पार्क के भीतर बने ‘ईको पार्क’ के कोनों में शराब और बीयर की महफिलें सजती हैं। सुबह जब परिवार और महिलाएं टहलने पहुंचते हैं, तो उन्हें हरियाली की जगह शराब की खाली बोतलें, बीयर की केन और जूठन बिखरी मिलती है।
पहरेदारों की भूमिका पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि पार्क की सुरक्षा के लिए रात में पहरेदार तैनात रहते हैं। इसके बावजूद पार्क के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में शराब का सेवन कैसे हो रहा है? स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि पहरेदारों की मिलीभगत या घोर लापरवाही के बिना यह संभव नहीं है।
अफसर एसी कमरों में, पर्यावरण प्रेमी सड़क पर
पार्क की गरिमा बचाने के लिए ‘ईको क्लब’ के संचालक और पर्यावरण प्रेमी प्रदीप खंडेलवाल को खुद कमान संभालनी पड़ रही है। सोमवार सुबह वे खुद पार्क में बिखरी शराब की बोतलों और कूड़े को इकट्ठा करते नजर आए। खंडेलवाल ने बताया कि विभाग की चुप्पी के कारण उन्हें मजबूरी में यह सफाई अभियान चलाना पड़ता है ताकि पार्क की स्वच्छता बनी रहे।
जनता का सवाल: कब जागेंगे जिम्मेदार?
शहर के बीचोंबीच स्थित इस पार्क की ऐसी दुर्दशा देखकर स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। सवाल उठाया जा रहा है कि उद्यान विभाग के अधिकारी अपने एयरकंडीशंड दफ्तरों से बाहर निकलकर कभी धरातल पर निरीक्षण क्यों नहीं करते? क्या अधिकारियों को पार्क की इस सच्चाई की भनक नहीं है या वे जानबूझकर आंखें मूंदे बैठे हैं?
- किसान फॉर्च्यूनर से नहीं चलता…आगरा में आलू के दाम पर प्रदर्शन के दौरान भिड़ गए खाकी और खादी, वीडियो वायरल - March 9, 2026
- किसान फॉर्च्यूनर से नहीं चलता…आगरा में आलू के दाम पर प्रदर्शन के दौरान भिड़ गए खाकी और खादी, वीडियो वायरल - March 9, 2026
- आगरा में होली मिलन का उल्लास: व्यापार मंडल के मंच पर थिरके वृंदावन के कलाकार, वात्सल्य सेवा समिति ने चंदन से खेली होली - March 9, 2026