आगरा। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए एक राष्ट्रीय दायित्व और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जब हर घर में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ेगा और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, तभी भारत सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर बन सकेगा।
नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित एक होटल में हुए इस सम्मेलन का शुभारंभ मथुरा के पूर्व महापौर मुकेश आर्य बंधु, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, व्यापारी नेता टी.एन. अग्रवाल और पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामबाबू हरित ने की।
अपने संबोधन में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। “आत्मनिर्भर भारत” अभियान इसी दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि “लोकल से ग्लोबल” और “घर-घर स्वदेशी” जैसे संदेश हर नागरिक के लिए न केवल चुनौती हैं, बल्कि अवसर भी हैं। यदि हर भारतीय इसे अपनाए, तो भारत का हर मोहल्ला, हर शहर और हर घर आत्मनिर्भर बन जाएगा।
कार्यक्रम के अतिथि मुकेश आर्य बंधु ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की आर्थिक व्यवस्था का आधार स्वदेशी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी के बिना स्वतंत्रता की रक्षा या न्याय की गारंटी संभव नहीं है। भाजपा सरकार “मेक इन इंडिया”, “स्टार्टअप इंडिया”, “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसी योजनाओं से इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
व्यापारी नेता टी.एन. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने त्योहारों से पहले जीएसटी में सुधार कर उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के हित में निर्णय लिया है। अब व्यापारियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और आत्मनिर्भरता का संकल्प साकार करें।
पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच “लोकल से ग्लोबल” की है। अगर हर नागरिक अपने घर में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करे, तो यह न केवल अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा, बल्कि देश के कारीगरों, उद्यमियों और युवाओं को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें और “घर-घर स्वदेशी” का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक खरे ने किया।
इस मौके पर हेमंत भोजवानी, नीरज गुप्ता, डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, निर्मला दीक्षित, धीरज जैन, आदेश सिंगल, देवेश पचौरी, राजू कुशवाहा, विपुल मित्तल, धीरज कोहली, राजेश प्रजापति, सुनील करमचंदानी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- मुलायम सिंह यादव की तृतीय पुण्यतिथि पर सैफई में सपा परिवार ने अर्पित की श्रद्धांजलि, अखिलेश बोले- नेताजी के बताए रास्ते पर चलकर हमेशा संघर्ष करेंगे - October 10, 2025
- B.Ed पास अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, यूपी सरकार ने मंज़ूर किया PDPET ब्रिज कोर्स, NIOS करेगा आयोजित - October 10, 2025
- B.Ed पास अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, यूपी सरकार ने मंज़ूर किया PDPET ब्रिज कोर्स, NIOS करेगा आयोजित - October 10, 2025