रैपुरा जाट से खंदौली तक 14 किमी का मार्ग शुरू, 400 करोड़ की परियोजना 5 दिसंबर को होगी उद्घाटित
आगरा। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तरी बाईपास का अनौपचारिक संचालन शुरू हो गया है, जिससे मथुरा की ओर से आने वाले भारी वाहन अब शहर में प्रवेश किए बिना सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे सिकंदरा, भगवान टॉकीज, वाटरवर्क्स और टेढ़ी बगिया जैसे व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम में उल्लेखनीय कमी आएगी।
नया मार्ग रैपुरा जाट से खंदौली तक बनाया गया है। कुल 14 किलोमीटर लंबा यह बाईपास यमुना एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 141 (मिडावली–सादाबाद) पर मिलता है। पहले जहां इसी दूरी को तय करने में शहर के ट्रैफिक के कारण 1 घंटे तक का समय लगता था, वहीं अब यह मार्ग केवल 15 मिनट में पूरा हो सकेगा। हाथरस के लिए भी यात्रा समय काफी कम हो जाएगा।
इस बाईपास का निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू हुआ था और लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से इसे तैयार किया गया है। परियोजना का औपचारिक उद्घाटन 5 दिसंबर को किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इसके शुरू होने से न केवल शहर में ट्रैफिक दबाव घटेगा, बल्कि उद्योग, परिवहन और पर्यटन को भी सीधा लाभ मिलेगा।
नए बाईपास से मथुरा, हाथरस और अलीगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग अधिक सुगम होंगे। आगरा जैसे पर्यटन शहर में एक्सप्रेसवे तक पहुंच भी तेज और आसान हो जाएगी।
यह परियोजना आगरा के विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, एक महिला की मौत, कई यात्री घायल - March 23, 2026
- काश! वह साथ लौट आती… नाराज पत्नी को लाने गए युवक की हादसे में मौत, बाह में मचे कोहराम से हर आंख नम - March 23, 2026
- देसाई फाउंडेशन ने भारत में 1.2 करोड़ लोगों तक पहुँचने की बड़ी उपलब्धि हासिल की - March 23, 2026