नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। सुबह और शाम के समय दृश्यता काफी कम हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले सात दिनों तक बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड और तीखी होगी।
आईएमडी के अनुसार, अगले पांच से सात दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत में भी अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
मौसम विभाग ने दो जनवरी को हिमाचल प्रदेश में और चार व पांच जनवरी को बिहार के कुछ इलाकों में ‘कोल्ड डे’ की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा तीन व चार जनवरी को हिमाचल प्रदेश में, तीन से छह जनवरी के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ में, चार से छह जनवरी तक पंजाब में तथा आठ व नौ जनवरी को राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में कई जगहों पर पारा 5 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, ओडिशा और महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
आने वाले तीन दिनों में उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं मध्य भारत में तापमान दो से चार डिग्री तक नीचे जा सकता है। इसके उलट पूर्वी भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की हल्की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जबकि महाराष्ट्र में भी अगले तीन दिनों में पारे में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सात जनवरी तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच जनवरी तक तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच, आठ और नौ जनवरी को घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा जम्मू डिविजन और उत्तरी मध्य प्रदेश में छह जनवरी तक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा पूर्वोत्तर के राज्यों—असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में सात जनवरी तक कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं दो और तीन जनवरी को उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तथा दो जनवरी को मेघालय में पाले की भी चेतावनी जारी की गई है।
- साइबर ठगी का नया पैंतरा: वॉट्सएप पर फर्जी बैंकिंग ट्रांजैक्शन मैसेज भेजकर डरा रहे अपराधी, YES/NO’ वाले संदेशों से रहें पूरी तरह सावधान - September 24, 2026
- रायबरेली से अखिलेश यादव का मिशन-2027 का शंखनाद: पीडीए रथयात्रा के आगाज के साथ भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- गठबंधन के साथ लड़ेंगे यूपी का चुनाव - September 24, 2026
- आगरा विकास प्राधिकरण का सख्त रुख: नवागत उपाध्यक्ष ने ग्रेटर आगरा और अटलपुरम टाउनशिप का किया औचक निरीक्षण, धीमे काम पर जताई नाराजगी - September 24, 2026