राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व निजी सचिव बिभव कुमार को शुक्रवार को पेश होने के लिए कहा है। दरअसल, बिभव कुमार पर आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी का आरोप है।
बिभव कुमार को शुक्रवार यानी की 17 मई को सुबह के 11 बजे राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। महिला आयोग ने मालीवाल के उस मीडिया पोस्ट पर स्वतः संज्ञान लिया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि बिभव ने मुख्यमंत्री के आवास पर उनके साथ बदसलूकी की। इन आरोपों पर महिला आयोग ने नोटिस जारी किया।
क्या था मामला
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचीं दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सीएम आवास के भीतर खुद के साथ बदसलूकी की जानकारी पीसीआर कॉल पर दी। कॉल में स्वाति ने मुख्यमंत्री के निजी सचिव पर बदसलूकी के आरोप लगाए। इसके बाद वह सिविल लाइंस थाने पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों को घटना की मौखिक जानकारी दी। हालांकि, लिखित शिकायत बाद में देने की बात कहकर थाने से लौट गईं।
उधर, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने पुलिस को नोटिस जारी कर तीन दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है। हालांकि, इस मामले में आप की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीणा ने बताया कि सोमवार सुबह 9.34 बजे सीएम आवास से पीसीआर कॉल मिली। महिला कॉलर ने मुख्यमंत्री आवास पर खुद के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए थे। बाद में स्वाति मालीवाल सिविल लाइंस थाने पहुंचीं और घटना की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने लिखित शिकायत नहीं दी। उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल स्वाति मालीवाल की ओर से लिखित शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-एजेंसी
- गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में ढेर, भागने की फिराक में था शूटर - May 31, 2026
- भीषण गर्मी में ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ बना हाथियों और भालुओं का सहारा, ठंडे पूल, पॉप्सिकल्स और स्प्रिंकलर से मिल रही राहत - May 31, 2026
- आगरा: ‘ताजमहल से ताजगंज तक’ विरासत की उड़ान, यूनेस्को के दो दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आगाज - May 31, 2026