लखनऊ। यूपी में मानसूनी बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से शुरू होकर मानसून का प्रभाव शुक्रवार को तराई, मध्य और पश्चिमी इलाकों में भी दिखा। गुरुवार और शुक्रवार के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से अच्छी बारिश हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसून ने कुछ उत्तरी-पश्चिमी कुछ जिलों और एनसीआर को छोड़कर पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है।
आज 20 जून को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में अनेक स्थान पर गरज चमक के साथ बारिश का ऑरेंज येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दोनों हिस्सों में बादल गरजने व बिजली चमकने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है। आगामी 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के प्रदेश के बड़े भाग में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं, ऐसे में 21-22 जून तक कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की सम्भावना है। 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
दक्षिणी पंजाब से लेकर दक्षिणी असम तक एक पूर्व-पश्चिम दिशा में मौसमी द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। उत्तर-पूर्वी झारखंड और पश्चिम बंगाल के आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो ऊपरी क्षोभ मंडल तक विस्तृत है। अगले 24 घंटों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है।
21 जून तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों (बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्र आदि) में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की संभावना है।रेड अलर्ट वाले जिलों में 15 एमएम और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 5 से 15 एमएम बारिश होने की संभावना है। जून अंत में पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी।
-साभार सहित
- डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज आगरा में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने ऐसा क्या देखा कि पूरन डावर पर मोहित गईं - June 20, 2025
- यूपी टी20 लीग मिनी ऑक्शन 2025 में कानपुर सुपरस्टार्स हुए और भी स्मार्ट - June 20, 2025
- हिमाचल प्रदेश सहप्रभारी विदित चौधरी का जन्मदिन कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया - June 20, 2025