आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के 09 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ताजनगरी के सूरसदन प्रेक्षागृह में भव्य आयोजन किया गया। “अन्नदाता किसान की समृद्धि” थीम पर आधारित इस जनपद स्तरीय कृषक प्रशिक्षण एवं किसान दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई भव्य चित्र प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार किया गया।
किसानों को मिला सम्मान, योजनाओं की दी गई जानकारी
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्रीमती प्रतिभा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पीएम कुसुम योजना, कृषि यंत्रीकरण योजना और पशुपालन विभाग की ‘नंदनी व मिनी नंदनी’ योजना के दर्जनों लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से दिनेश कुमार, रामभरोसी, विजय सिंह, रघुवीर प्रसाद और सौरभ सोलंकी सहित अन्य प्रगतिशील किसान शामिल रहे।
आगरा में आलू अनुसंधान केंद्र की स्थापना का ऐलान
अपने संबोधन में विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि जनपद में आलू अनुसंधान केंद्र की स्थापना की जा रही है। यह केंद्र उन्नत बीज विकास, मिट्टी परीक्षण और रोग प्रतिरोधी किस्मों पर शोध करेगा, जो आगरा सहित पूरे प्रदेश के आलू उत्पादकों के लिए वरदान सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि “जब किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर होगा, तभी देश विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ेगा।”
चित्र प्रदर्शनी और सांस्कृतिक आकर्षण
विधायक ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित ‘नवनिर्माण के 09 वर्ष: संकल्प से सिद्धि’ चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से दर्शाने की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग के सांस्कृतिक दलों ने लोकगायन और नाटकों के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।सूरसदन प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी स्टालों पर किसानों को आधुनिक खेती के गुर सिखाए गए।
प्रशासनिक अमले की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सीडीओ प्रतिभा सिंह के साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) शुभांगी शुक्ला, संयुक्त कृषि निदेशक संतोष कुमार सविता, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. पाण्डेय सहित कृषि, उद्यान, मत्स्य और सहकारिता विभाग के सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लघु फिल्मों और व्याख्यान के माध्यम से किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
- आगरा में बोले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह: ‘असेम्बलिंग’ नहीं ‘मैन्युफैक्चरिंग’ पर दें जोर, $100 बिलियन निर्यात का लक्ष्य - March 21, 2026
- विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किसानों को बांटे सम्मान पत्र; बोले- किसान की खुशहाली ही देश की प्रगति का आधार - March 21, 2026
- मथुरा: गौरक्षक फरसा वाले बाबा की मौत से बड़ा बवाल, दिल्ली-आगरा हाईवे जाम, पथराव, मौके पर पहुंचे DIG, सीएम योगी ने लिया संज्ञान - March 21, 2026