सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की कवच-कथा: रोटरी क्लब आगरा रॉयल ने 150+ बेटियों को दिया जीवन का भरोसा
Live Story Time, Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. रोटरी क्लब आगरा रॉयल और चिकित्सा विशेषज्ञों की संयुक्त पहल ने आगरा की छात्राओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच तैयार किया है।
डॉ. सुरभि गुप्ता, प्रोफेसर एवं हेड, विभाग ऑन्कोलॉजी SN मेडिकल कॉलेज आगरा और रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा रॉयल RID-3110 की वर्ष 2024-25 की अध्यक्ष संगीता अग्रवाल ने सर्वाइकल कैंसर जागरूकता व टीकाकरण अभियान का बीड़ा उठाया। वर्तमान अध्यक्ष 2025-26 मीरा गुप्ता ने इस अभियान को न केवल आगे बढ़ाया बल्कि इसे और व्यापक स्तर दिया।
इस अभियान का उद्देश्य स्कूली छात्राओं को ह्यूमन पेपिलोमावायरस (HPV) के खिलाफ वैक्सीन लगवाकर भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाना था। HPV छोटा वायरस होते हुए भी गंभीर बीमारी का प्रमुख कारण बनता है, और वैक्सीनेशन इसे रोकने का प्रभावी उपाय है।
आगरा के कई रूढ़िवादी इलाकों में HPV वैक्सीनेशन को लेकर कई मिथक और गलतफहमियाँ प्रचलित थीं। इन्हें दूर करने के लिए रोटरी क्लब आगरा रॉयल ने विभिन्न कन्या विद्यालयों में डॉ. सुरभि मित्तल के नेतृत्व में जागरूकता शिविर आयोजित किए, जिनमें HPV, उसके जोखिम और वैक्सीनेशन के फायदों की सही तथा वैज्ञानिक जानकारी दी गई।
क्लब ने HPV वैक्सीनेशन से जुड़ी सफलता की कहानियाँ और सही तथ्य स्थानीय मीडिया तक भी पहुँचाए, जिससे समाज में फैली भ्रांतियाँ काफी हद तक दूर हुईं और लोगों ने इस वैक्सीन को अपनाने में अधिक विश्वास दिखाया।

इस वर्ष रोटरी क्लब आगरा रॉयल द्वारा आगरा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की 150 से अधिक छात्राओं को HPV वैक्सीन लगाई गई—एक ऐसा सुरक्षा कवच जो न केवल उन्हें बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी स्वास्थ्य के बड़े खतरे से बचाता है।
आज, 22 नवंबर 2025, रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा रॉयल ने रामवेद हॉस्पिटल, आगरा में एक विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया, जिसमें गणेशराम नगर बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर की 50 छात्राओं को निःशुल्क HPV वैक्सीन की तीसरी एवं अंतिम डोज़ लगाई गई। टीकाकरण का कार्य डॉ. सुरभि मित्तल द्वारा किया गया और डॉ. जॉली गोयल ने सहयोग दिया।
अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब आगरा रॉयल का यह अभियान आने वाले समय में और भी तेज गति से जारी रहेगा। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष संगीता अग्रवाल, अध्यक्ष-निर्वाचित हेमलता जैन, सृष्टि जैन, नीतू अग्रवाल, डॉ. आलोक मित्तल, आशीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
डॉ भानु प्रताप सिंह, संपादक
- आगरा में भाजपा नेता की कार पर हमला: फतेहाबाद में दबंगों ने की तोड़फोड़, साथी को पीटकर किया लहूलुहान - March 7, 2026
- उत्तर भारत में बढ़ा ‘ह्यूमिडिटी’ का टॉर्चर: दिल्ली-वाराणसी समेत कई शहरों में पसीने वाली गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड - March 7, 2026
- Agra News: गढ़ी महासिंह खेड़ा के अमित हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और हत्यारोपी गिरफ्तार, कत्ल में इस्तेमाल फावड़ा बरामद - March 7, 2026