कश्मीर के बारामुला में रविवार को आतंकवादियों ने गोली मारकर एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी. पुलिस ने जारी एक बयान में बताया है कि मारे गए मोहम्मद शफ़ी मीर, अपने घर के पास स्थित एक मस्जिद में अज़ान पढ़ रहे थे कि तभी आतंकवादियों ने उन पर कई गोलियां चला दीं.
मृतक की पहचान बारामुला ज़िले के गंतमुला गांव निवासी मोहम्मद शफ़ी मीर के रूप में हुई है. वे जम्मू-कश्मीर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में काम कर चुके हैं.
गोली लगने के बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाक़े की घेराबंदी करके संदिग्ध आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
पिछले दो महीनों के दौरान आतंकवादी ‘टारगेट किलिंग’ की घटनाओं को अंजाम देते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवानों की हत्या कर चुके हैं.
क्या कहा बीजेपी ने?
भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे कायराना हमला करार दिया है. पार्टी ने अपने बयान में कहा है कि बारामूला के गंतुमला गांव में 72 साल के रिटायर्ड पुलिस अधिकारी की हत्या का कायराना काम उन लोगों ने किया है, जिनका कोई मज़हब नहीं होता. शैतान की संतानें अज़ान भी बर्दाश्त नहीं कर सकते. आतंक और आतंकियों का कोई मज़हब नहीं होता.
बीजेपी ने कहा, “इस हत्या की कड़ी निंदा करते हैं. शोक संतप्त परिवार के प्रति अपना समर्थन जताते हैं. पुलिस से इस कृत्य में शामिल सभी दोषियों को कड़ी सज़ा देने का अनुरोध करते हैं.”
-एजेंसी
- मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया पर वार: 1 से 31 अक्टूबर तक आगरा में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान - October 1, 2026
- मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा - September 30, 2026
- आगरा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई मित्रों को मिले ईएसआई कार्ड: नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बांटे कार्ड, संघ ने की समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील - September 30, 2026