आगरा में गूंजा कर्पूरी ठाकुर का नाम: ‘बाइक रैली’ से दिखाई ताकत, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य ने बताया सामाजिक न्याय का मसीहा

PRESS RELEASE

आगरा। जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती पर शनिवार को आगरा के राजपुर चुंगी स्थित कर्पूरी चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन सविता सैन नंद महासभा की ओर से किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय के विचारों को याद करते हुए राजनीतिक हिस्सेदारी और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भुवन भूषण कमल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर गरीबी से निकलकर राजनीति में पहुंचे और उन्होंने सत्ता को हमेशा सेवा का माध्यम माना। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन पिछड़े, वंचित और शोषित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष और समर्पण का उदाहरण रहा है।

“कर्पूरी ठाकुर सिर्फ बिहार नहीं, पूरे देश के पिछड़ों के नेता”

भुवन भूषण कमल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को केवल बिहार तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। वे पूरे देश में विशेष रूप से पिछड़े, गरीब और वंचित वर्ग के लिए एक मजबूत आवाज थे। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को न पद का लोभ था और न सत्ता की लालसा। वे एक बार उपमुख्यमंत्री और दो बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कई फैसले आज भी सामाजिक न्याय की राजनीति की बुनियाद माने जाते हैं।

प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

समारोह की शुरुआत विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया और जिला पंचायत सदस्य हरिकृपाल सविता ने कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।

बाइक रैली के जरिए दिया गया संदेश

महासभा के संस्थापक चंद्रभान सिंह समाधिया ने बताया कि सुबह माल्यार्पण के बाद बाइक रैली निकाली गई। रैली कर्पूरी चौक से शुरू होकर राजपुर रोड, शहीद नगर तिराहा, विवेकानंद चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा, नेताजी सुभाष चंद्र चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस कर्पूरी चौक पर समाप्त हुई।

हिस्सेदारी, आरक्षण और जांच की मांग

कार्यक्रम में समाज के लोगों ने आगामी चुनावों में संख्या बल के आधार पर राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग रखी। कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र सविता ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की मृत्यु को लेकर आज भी सवाल उठते रहे हैं, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ जातियों को उनकी जनसंख्या के अनुपात में मिले, ताकि किसी एक वर्ग तक सीमित न रहे।

मेधावी छात्रों और वरिष्ठजनों का सम्मान

समारोह के दौरान सविता समाज के करीब 50 मेधावी छात्र-छात्राओं और 150 वयोवृद्धों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष मनीष सविता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पवन सिंह ने दिया।

कार्यक्रम में पार्षद फूल प्यारी, लक्ष्मी वर्मा, धर्मवीर सिंह लोधी, कैप्टन जगदीश प्रसाद, साहब सिंह, मुकेश सविता, डॉ. कृष्ण कुमार, हरिओम सविता, राम सेवक, राजू फलोरिया, महेंद्र नाथ, जगदीश पचौरी, राहुल आर्य, रिंकू निबोरिया, विष्णु वर्मा, राम स्वरूप, श्याम सुन्दर सविता, राकेश सविता, कुलदीप सविता, प्राची किशोरी, सुनीता देवी, डॉ. महेश, राजू सविता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh