आगरा। आगरा में शमसाबाद रोड स्थित नौफरी गांव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करणी सेना के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा पुलिस को चकमा देकर फिल्मी स्टाइल में फरार हो गए। पुलिस ने कार्यक्रम रोकने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों के विरोध के चलते हालात बेकाबू हो गए। पुलिस और ओकेंद्र समर्थकों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी कर दिया। मौके से कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ओकेंद्र राणा ने पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद कार्यक्रम को संबोधित किया और फिर तेजी से वहां से रवाना हो गए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो मौके पर तनावपूर्ण हालात बन गए। समर्थकों ने घेरेबंदी की और राणा कार बदलकर निकल भागे।
बता दें कि ओकेंद्र राणा सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर हुए उग्र विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ में नामजद हैं। राणा ने इसके बाद पिछले माह 12 अप्रैल को गढ़ी रामी में हुए राणा संग्राम जयंती समारोह में भी शिरकत की थी। अब नौफरी गांव में आयोजित क्षत्रिय समाज के सम्मेलन में भाग लेने के लिए भी ओकेंद्र राणा ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया था। राणा ने कहा था कि वे 14 मई को फिर से आगरा आ रहे हैं।
इसके बाद आगरा पुलिस चौकन्नी थी। ओकेंद्र राणा अपने वायदे के अनुसार नौफरी गांव में पहुंची, पहले से अलर्ट पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की। इस पर ओकेंद्र राणा ने एक कार से दूसरी कार में छलांग लगाई और तेजी से वहां से निकल गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बीच सड़क पर घेरने की भरपूर कोशिश की, लेकिन ओकेंद्र राणा मौके से निकलने में सफल रहे।
ओकेंद्र राणा के निकल भागने पर पुलिसकर्मी खिसिया उठे और और उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर बलप्रयोग करते हुए लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इसमें कई लोगों को चोटें आईं। पुलिस ने दर्जनभर से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि नौफरी के इस कार्यक्रम में ओकेंद्र राणा के पहुंचने के बाद भीड़ काफी बढ़ गई थी। पुलिस को बिना अनुमति आयोजित कार्यक्रम पर आपत्ति थी, जिस कारण मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
- आगरा में संपत्ति की बलि चढ़ा ‘बड़ा भाई’: सगे छोटे भाई ने पीट-पीटकर की हत्या, हिस्से के विवाद में लहूलुहान हुआ रिश्ता - March 14, 2026
- आगरा में गैस माफिया पर प्रहार: गोयल डेयरी से 42 सिलेंडर जब्त, DM का अल्टीमेटम—’कालाबाजारी की तो सीधे जेल जाओगे’ - March 14, 2026
- आगरा विजिलेंस का बड़ा धमाका: ADA के पूर्व PA के घर और होटल पर रेड, आय से अधिक संपत्ति का खुला कच्चा चिट्ठा - March 14, 2026