जयपुर: पिछले दिनों जयपुर में आईफा अवॉर्ड्स की धूम देखने को मिली, जहाँ बॉलीवुड के चमकते सितारों ने शिरकत कर इस इवेंट को खास बनाया। लेकिन इस साल का आईफा कई मायनों में खास रहा, क्योंकि अपने 25वें वर्ष में इसने सिर्फ सिनेमा का जश्न ही नहीं मनाया, बल्कि एक खूबसूरत पहल के ज़रिए प्रकृति को भी साथ जोड़ा। इसी कड़ी में, जयपुर में ‘आईफा 25 फॉरएवर ग्रीन गार्डन’ की स्थापना की गई, जो एक हरित विरासत छोड़ने की दिशा में एक अनूठा कदम था।
इस पहल की सबसे खास बात यह रही कि माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को ध्यान में रखते हुए, आईफा ने इस बार बेस्ट एक्टर और बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड्स के विजेताओं की माताओं के सम्मान में पेड़ लगाए। यह सिर्फ हरियाली बढ़ाने की पहल नहीं थी, बल्कि उन माताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक तरीका भी था, जिन्होंने सिनेमा जगत को इतनी शानदार प्रतिभाएँ दी। यह गार्डन आम जनता के लिए भी खोला गया, जहाँ लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ सुकून भरा समय बिता सके और प्रकृति के करीब आ सके।
आईफा के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स ने इस पहल के बारे में बात करते हुए कहा, “आईफा सिर्फ फिल्मों का सम्मान करने वाला मंच नहीं है, बल्कि यह संस्कृति और पर्यावरण को सहेजने का एक आंदोलन भी है। रीको के साथ मिलकर, हमने सिनेमा और प्रकृति को एक नई दिशा में जोड़ने की कोशिश की।”
आईफा 25 फॉरएवर ग्रीन गार्डन में सैकड़ों पेड़ लगाए गए हैं, जिससे यह एक हरा-भरा और शांतिपूर्ण स्थान बनकर उभर रहा है। यह सिर्फ एक गार्डन नहीं, बल्कि सिनेमा और प्रकृति के अनोखे संगम की पहचान भी बन रहा है। आईफा ने इस पहल के ज़रिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा भविष्य तैयार किया जा सके।
-up18News
- दिल्ली में बारिश के चलते टला ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम: अब शनिवार को होगा आयोजन, राहुल गांधी ने दी जानकारी - October 30, 2026
- आगरा में जाम से मिलेगी मुक्ति: प्रशासन और व्यापारियों के बीच 6 पार्किंग स्थलों पर बनी सहमति, सीडीओ ने दिए निर्देश - October 30, 2026
- कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट की जांच आगरा पहुंची: STF की रडार पर कारोबारी देवेंद्र आहूजा उर्फ चिंटू, बिना बिलिंग खेल का शक - October 30, 2026