Rajkumar jain

जैन बंधुओं ने अपनी 4 करोड़ रुपये की कोठी विकलांगों की सेवा में समर्पित कर दी, सेवा के लिए न चंदा न कोई सरकारी मदद, क्या कोई नेता यह काम कर सकता है?

EXCLUSIVE

राजकुमार जैन और सुनील कुमार जैन ने जयपुर हाउस में विकलांग कृत्रिम अंग प्रतिदिन निःशुल्क केंद्र, फिजियोथेरेपी सेंटर और तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र खोला

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. जयपुर हाउस। आगरा शहर की अमीरों की कॉलोनी। यहीं पर है कोठी नम्बर 117। क्या आप बता सकते हैं इस कोठी की कीमत कितनी होगी?  एक या दो करोड़ नहीं बल्कि चार करोड़ रुपये से भी अधिक है। आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन और संयोजक सुनील कुमार जैन ने यह चार करोड़ रुपये की कोठी विकलांगों के लिए समर्पित कर दी है। इतना ही नहीं, करीब 20 लाख रुपये सालाना व्यय है सो अलग। है न अचरज की बात। क्या आगरा का कोई नेता अपनी चार करोड़ की कोठी सेवा कार्य के लिए दे सकता है? क्या कोई नेता प्रतिदिन निःशुल्क सेवा कर सकता है? दूसरी तरफ ये जैन बंधु हैं जो सरकार से या समाज से एक नई पाई लिए बिना समाजसेवा में समर्पित हैं।

117, जयपुर हाउस में श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर (बीएमवीवीएस) और आगरा विकास मंच के संयुक्त प्रयास से विकलांगों के लिए कृत्रिम अंग प्रतिदिन निःशुल्क केंद्र, फिजियोथेरेपी सेंटर और तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। समिति और मंच के बीच समझौता पत्र हस्ताक्षरित हुआ है। इसके अनुसार हर साल एक करोड़ रुपये इस सेवा कार्य पर व्यय होगा। प्रथम चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विकलांग को अपने पैरों पर खड़ा करने का संकल्प है। यह संकल्प कठिन अवश्य है लेकिन असंभव नहीं है। उद्घाटन समारोह में जो उत्साह और समर्पण का भाव देखा गया, उसे महसूस ही किया जा सकता है, व्यक्त नहीं।

viklang
जयपुर फुट लगने के बाद मीरा नृत्यांगना बन गई। यह कमाल करता है जयपुर फुट।

आपको बता दूँ कि आगरा विकास मंच के संस्थापक अध्यक्ष अशोक जैन सीए का निधन वर्ष 2020 में हुआ था। निधन से पूर्व मैंने राजस्थान पत्रिका आगरा जोन के संपादक के रूप में उनका वीडियो साक्षात्कार किया था। इससे पूर्व वर्ष 2019 में दादाबाड़ी में श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के सहयोग से विकलांग शिविर लगाया था, जो अब तक का सबसे बड़ा शिविर था। इसी शिविर में उन्होंने आगरा में विकलांग हॉस्पिटल खोलने की इच्छा व्यक्त की थी। वह इसलिए कि किसी भी विकलांग को जयपुर फुट के लिए जयपुर न जाना पड़े। अनुज द्वय राजकुमार जैन- सुनील कुमार जैन ने अपने अग्रज अशोक जैन सीए का सपना 10 अगस्त, 2024 को साकार कर दिया।

उद्घाटन समारोह में मैंने देखा कि अशोक जैन सीए के समस्त परिजन सेवा में लगे हुए थे। अध्यक्ष के नाते राजकुमार जैन मंच पर विराजमान थे। सुनील कुमार जैन, उनके पुत्र आशीष जैन, परिजन ध्रुव जैन, विवेक जैन, विजय सेतिया, कमलचंद जैन, पूर्वा जैन, ममता जैन आदि अतिथियों की आवभगत और व्यवस्था में लगी हुई थीं। एक टीम अहिंसा पार्क में विकलागों के पंजीकरण में व्यस्त थी।

विकलांगों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग, फिजियोथेरेपी सेंटर और तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र शुरू, गोदी में आए और अपने पैरों पर गए दिव्यांग

कार्यक्रम का संचालन कर रहे मंच के महामंत्री सुशील जैन ने जैन परिवार के सभी सदस्यों का स्वागत कराने की घोषणा की। कई बार कहा लेकिन कोई आने को तैयार नहीं। बार-बार आग्रह के बाद सब आए। मंच पर ही राजकुमार जैन बोलने के लिए आ गए और सुशील जैन को रोका कि स्वागत न कराएं। सुशील जैन कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। वे स्वयं भावविभोर हो गए थे। अंततः केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एससी सिंह बघेल, यूपी के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, उद्यमी पूरन डावर आदि ने जैन परिवार का स्वागत किया। सुशील जैन का कहना था कि हम जैन परिवार की नई पीढ़ी को सेवा के लिए तैयार कर रहे हैं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में राजकुमार जैन ने बड़े मार्के की बात कही- हम सेवा के माध्यम से किसी की लाइन मिटाते नहीं हैं बल्कि अधिक सेवा करके अपनी लाइन बढ़ाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गुलाब की सुगंध कम क्षेत्र में और गंदगी की दुर्गंध दूर तक फैलती है। यही सेवा क्षेत्र में है। अच्छा काम करे तो कम और किसी से गलत काम हो जाए तो दूर तक पता चल जाता है। 90 फीसदी एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) बहुत अच्छी सेवा कर रहे हैं।

sudama jaipur
जयपुर फुट पहने सुदामा ने घुटना मोड़कर, पालथी मारकर ही नहीं, दौड़कर भी दिखाया। सब अचरज में पड़ गए।

आगरा विकास मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन ने कहा कि श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के अध्यक्ष सतीश मेहता ने सिखाया है कि सेवा क्या होती है। श्री मेहता ने अफ्रीका तक में जाकर विकलागों की सेवा की है। समिति ने तो सेवा के क्षेत्र में क्रांति ला दी है। ढाई वर्ष की मीरा के पैर लगाए तो वह नृत्यांगना बन गई। हम चाहते हैं कि वह जयपुर की तरह आगरा को भी 24 घंटा दें।

श्री जैन ने कहा कि आगरा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रथम केंद्र खोला गया है। मंत्री जी (योगेंद्र उपाध्याय) पूरे उत्तर प्रदेश में खुलवाएं। समिति ने ओडिशा सरकार के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया है।

उन्होंने अमर उजाला के संपादक भूपेंद्र कुमार की फिटनेस को सराहा। यह भी कहा कि उनके आने के बाद अमर उजाला की लेखनी में सुधार हुआ है। अशोक जैन सीए ने सबका साथ-सबका विकास की तर्ज पर काम किया है। उन्होंने समारोह को सेवा का संगम बताया।

Rajkumar jain family
जैन परिवार ने सकुचाते हुए सम्मान ग्रहण किया।

उद्घाटन करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने ठीक ही कहा– “मेरा सौभाग्य है कि इस पुनीत कार्य में शरीक हुआ हूँ। मेट्रो के उद्घाटन से भी ज्यादा अच्छा उद्घाटन यह है। भौतिक सुविधा देना ज्यादा पुण्य का काम नहीं है।”

यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का कथन है- “देवतुल्य कार्य है। ईश्वर भी इनकी सेवा के आगे नतमस्तक है।”

एक दुर्घटना के बाद मेरे पैर के अंगूठे का नाखून निकाल दिया गया है। प्रसिद्ध सर्जन डॉ. सुनील शर्मा ने अधिक चलने-फिरने को मना किया है। इसके बाद भी मन नहीं माना। चला ही गया। हलांकि जाकर बैठा रहा लेकिन स्कूटी तक तो पैदल ही चलना होता है। दर्द बढ़ गया। फिर भी खुशी इस बात की थी कि मैं अशोक जैन सीए का सपना साकार होते देख रहा था।

डॉ. भानु प्रताप सिंह की पुस्तकें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

 

 

Dr. Bhanu Pratap Singh