आगरा। आगामी 22 फरवरी को प्रस्तावित वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर (मेगा शिविर) की तैयारियों के क्रम में मंगलवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, किरावली (अछनेरा) में प्री-मेगा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश पर तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा श्री संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा की पूर्णकालिक सचिव विनीता सिंह-1 ने की, जबकि संचालन विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती सरीता ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने छात्राओं और महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
नायब तहसीलदार सुश्री शुभ्रा अवस्थी ने कन्या सुमंगला योजना, वोटर कार्ड संशोधन तथा तहसील स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की डॉ. सुश्मिता ने सर्वाइकल कैंसर, उसके टीकाकरण पंजीयन, स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड से संबंधित जानकारी विस्तार से साझा की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की श्रीमती पूजा कुशवाहा ने गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पुष्टाहार, खाद्य सामग्री और निर्धारित मासिक आर्थिक सहायता योजनाओं के बारे में बताया। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी देवेंद्र वर्मा ने राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड की पात्रता पर जानकारी देते हुए बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति आयुष्मान कार्ड के पात्र हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिन वरिष्ठ नागरिकों का कार्ड नहीं बना है, वे खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय या जनसेवा केंद्र पर पंजीयन करा सकते हैं।
शिविर के दौरान उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं ने विभिन्न योजनाओं में पंजीयन प्रक्रिया को लेकर प्रश्न भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पात्र महिलाओं और बच्चों को पुष्टाहार का वितरण भी किया गया।
विनीता सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभागों या जनसेवा केंद्रों पर पंजीयन कराएं। साथ ही उन्होंने पराविधिक स्वयंसेवकों को निर्देश दिया कि 22 फरवरी को होने वाले मेगा शिविर के बारे में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
- आगरा में होली से पहले मिलावटखोरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 2 क्विंटल से ज्यादा मिल्क केक और बर्फी नष्ट, कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी - February 25, 2026
- आगरा को ‘ग्रीन और क्लीन’ बनाने का मेगा प्लान: खेरागढ़ का नयाग्राम तालाब बनेगा मॉडल वेटलैंड, यमुना किनारे बनेगा नया घाट - February 25, 2026
- UP का ‘मॉडल’ बना आगरा का कलवारी स्कूल: जापानी तकनीक से लैस हुआ PM-Shri विद्यालय, CDO ने सुविधाओं को सराहा - February 25, 2026