आगरा के स्वाद में महंगाई का ‘तड़का’: रसोई गैस के दाम बढ़ते ही ताजनगरी की शान बेड़ई-जलेबी हुई महंगी

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी आगरा में रसोई गैस (LPG) की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी ने आम आदमी की थाली का गणित बिगाड़ दिया है। गैस के बढ़ते दाम और किल्लत का सीधा असर अब शहर के मशहूर खानपान और मिष्ठान कारोबार पर दिखने लगा है। आगरा के नामचीन रेस्टोरेंट्स और हलवाइयों ने बढ़ती लागत का हवाला देते हुए खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है।

​आगरा का नाश्ता हुआ महंगा: ₹20 की मिलेगी बेड़ई

शहर की सुबह का अभिन्न हिस्सा मानी जाने वाली बेड़ई और जलेबी अब आम आदमी की जेब पर भारी पड़ेगी। देशी घी का कारोबार करने वाले दुकानदारों ने कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है:

देशी घी की बेड़ई: अब ₹18 के बजाय ₹20 प्रति पीस मिलेगी।

जलेबी: ₹460 प्रति किलो से बढ़कर अब ₹480 से ₹490 के बीच बिकेगी।

रिफाइंड का नाश्ता: रिफाइंड तेल का उपयोग करने वाले दुकानदारों ने भी बेड़ई की कीमत बढ़ाकर ₹12 करने का निर्णय लिया है।

​मशहूर मिष्ठान विक्रेता शिशिर भगत ने सोशल मीडिया पर गैस संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हालात नहीं सुधरे तो कारोबार चलाना मुश्किल हो जाएगा।

गैस एजेंसियों पर मारामारी, ₹1600 में सिलेंडर

कीमतें बढ़ने के साथ ही शहर में गैस की कालाबाजारी और बुकिंग के लिए होड़ मच गई है। गैस एजेंसियों का सर्वर ठप होने से आम जनता परेशान है। कमला नगर की निवासी रेनू गुप्ता ने बताया कि दिनभर प्रयास के बाद भी बुकिंग नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें ₹1600 में ब्लैक में सिलेंडर खरीदना पड़ा। सबसे ज्यादा मार गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रही है जो दैनिक आधार पर गैस की व्यवस्था करते हैं।

​दिल्ली में संकट: Swiggy-Zomato की सेवाएं हो सकती हैं ठप

गैस का यह संकट केवल आगरा तक सीमित नहीं है, बल्कि राजधानी दिल्ली में भी स्थिति गंभीर हो गई है। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के उपाध्यक्ष जोरावर कालरा ने चेतावनी दी है कि पिछले दो दिनों से सप्लाई ठप होने के कारण 80% होटल इंडस्ट्री संकट में है।
होटलों के पास मात्र 2 दिन का बैकअप बचा है। यदि कल तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो दिल्ली में Swiggy और Zomato जैसी फूड डिलीवरी सेवाएं पूरी तरह रुक सकती हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh