इंदिरा गांधी पर अभद्र टिप्पणी का मामला: एक साल बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश, वकीलों ने दी न्यू आगरा थाना घेराव की चेतावनी

स्थानीय समाचार

आगरा। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अश्लील और अमर्यादित टिप्पणी का मामला एक बार फिर गरमा गया है। मुकदमा दर्ज होने के पूरे एक साल बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने अब पुलिस आयुक्त (CP) के समक्ष मोर्चा खोल दिया है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आगामी एक सप्ताह में पुलिस ने आरोपी पर शिकंजा नहीं कसा, तो अधिवक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर थाना न्यू आगरा का घेराव करेंगे।

​कोर्ट के आदेश पर हुई थी FIR, फिर भी सुस्त रही पुलिस

विवाद की शुरुआत 11 मई 2025 को हुई थी, जब जितेंद्र तोमर उर्फ जीतू ठाकुर नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति कथित रूप से अत्यंत आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने 13 मई 2025 को इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जब पुलिस ने शुरू में मामला दर्ज नहीं किया, तो उन्होंने सीजेएम कोर्ट की शरण ली। अदालत के सख्त निर्देशों के बाद 26 मई 2025 को थाना न्यू आगरा में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

विवेचना पर खड़े किए सवाल

अधिवक्ता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। पूरे एक साल का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो आरोपी को गिरफ्तार कर सकी, न ही वादी के बयान दर्ज किए और न ही किसी भी प्रकार के तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। उन्होंने इसे पुलिस की घोर लापरवाही और न्यायिक आदेशों की अवहेलना करार दिया है।

​पुलिस आयुक्त से की हस्तक्षेप की मांग

रमाशंकर शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि इंदिरा गांधी देश की ऐसी नेता थीं जिन्होंने राष्ट्र की एकता के लिए शहादत दी। ऐसे महान व्यक्तित्व के खिलाफ टिप्पणी और उसके बाद पुलिस की निष्क्रियता जनमानस की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से इस पूरे प्रकरण में तत्काल संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

आगामी एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए अधिवक्ता ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि कानून अपना काम नहीं करता है, तो विरोध प्रदर्शन ही एकमात्र रास्ता बचेगा। पुलिस की इस सुस्त रफ्तार के बाद अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या थाना न्यू आगरा की पुलिस कार्रवाई शुरू करती है या मामला घेराव की ओर बढ़ेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh