अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रमुख उप-प्रवक्ता वेदांत पटेल ने इतिहास रच दिया है. वो विदेश मंत्रालय की दैनिक प्रेस ब्रीफ़िंग करने वाले पहले भारतीय-मूल के अमेरिकी बन गए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस इन दिनों छुट्टी पर हैं. इसलिए कैलिफ़ोर्निया के रहने वाले 33 साल के पटेल ने मंगलवार को विदेश नीति से जुड़े मामलों पर मीडिया को संबोधित किया.
इस दौरान पटेल ने यूक्रेन पर रूस के हमले, लिज़ ट्रस के ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की. वेदांत पटेल बुधवार को (आज) भी मीडिया को संबोधित करेंगे.
व्हाइट हाउस में कम्युनिकेशन से जुड़े वरिष्ठ सहयोगी मैट हिल ने प्रेस ब्रीफ़िंग के बाद ट्वीट किया कि पटेल ने प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखी.
उन्होंने लिखा, “विश्व स्तर पर अमेरिका का प्रतिनिधित्व करना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है और वेदांत ने उसे बेहतरीन तरीके से किया और बेहद स्पष्ट तरीके से अपनी बात रखी.”
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान जो बाइडन के प्रचार अभियान में भी वेदांत पटेल संचार विभाग में अहम ज़िम्मेदारी संभाल चुके हैं.
इससे पहले वो अमेरिकी कांग्रेस सदस्य प्रमिला जयपाल और माइक हॉन्डा के कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट का भी काम देख चुके हैं. पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ़ फ़्लॉरिडा से एमबीए की पढ़ाई कर चुके हैं.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार पटेल कैलिफ़ोर्निया के सेन होज़े से हैं.
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026
- बीजेपी सांसद कंगना रनौत के मामले की सुनवाई अब 7 अक्टूबर को: रिवीजन याचिका के निस्तारण तक बहस टालने के लिए वादी ने दिया प्रार्थना पत्र - September 22, 2026
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026