साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज शानदार तरीके से किया था, उसने शुरुआती दो मुकाबलों में जीत हासिल कर सीरीज पर अपना दबदबा बनाया लेकिन भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए पिछले लगातार दो मुकाबलों में जीत हासिल कर सीरीज बराबरी पर ला दिया। आज जब दोनों टीमें एम. चिन्नास्वामी मैदान पर पांचवें मुकाबले में एक बार फिर आमने-सामने होंगी तो यह सीरीज का निर्णायक मुकाबला होगा। मगर ऐसा लग रहा है कि मौसम मैच का मजा किरकिरा कर सकता है।
झमाझम बारिश की संभावना
मौसम विभाग की माने तो कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज झमाझम बारिश की संभावना है। वैसे भी पिछले कुछ दिन से यहां लगातार बरसात हो ही रही है। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर के मुताबिक शाम 7 बजे यानी जिस वक्त मैच शुरू होता है, उसी समय बारिश होगी। इससे पहले दोपहर 1 बजे और फिर उसके बाद शाम 5 बजे भी बरसात हो सकती है। यानी रुक-रुक कर पानी गिरेगा। ऐसे में मैदान के भीगने और मैच के रद्द होने की भी पूरी संभावना है।
अगर मैच धुल गया तो क्या होगा?
फाइनल के लिए कोई भी रिजर्व-डे नहीं रखा गया है। वैसे तो ग्राउंड स्टाफ मैदान दोबारा तैयार करने में सारी ताकत लगा ही देंगे, लेकिन अगर बारिश की खलल के चलते मैच शुरू नहीं हो पाता तो दोनों ही टीम का संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर ट्रॉफी शेयर करनी पड़ सकती है। वैसे इस मैदान पर 60 फीसदी मुकाबलों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। छोटा मैदान होने की वजह से जमकर छक्के-चौके भी लगते हैं। पिच बल्लेबाजी के अनुकूल है और यहां हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है। स्पिन गेंदबाज हालांकि कुछ हद तक अंकुश लगा सकते हैं। तापमान 23 डिग्री के करीब रहेगा।
आमने-सामने
कुल मैच: 19
भारत जीता: 11
सा. अफ्रीका जीता: 8
भारत की संभावित प्लेइंग XI: रुतुराज गायकवाड, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल, अवेश खान।
साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग XI: तेंबा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, ड्वेन प्रिटोरियस, रासी वान डर डुसेन, डेविड मिलर, हेनरिक्स क्लासेन, लुंगी एनगिडी, कागिसो रबाडा, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, एनरिच नॉर्त्जे।
-एजेंसियां
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026
- आगरा में आध्यात्मिक और राष्ट्र-कल्याण का महापर्व: 251 कुण्डीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में - October 20, 2026