यूपी में टिकट और सीट का झांसा देकर टीटीई ने चलती ट्रेन में युवती से किया दुष्कर्म, स्टेशन पर उतरकर हुआ फरार, तलाश में जुटी पुलिस

Crime

गोरखपुर। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में एक NCC कैडेट युवती के साथ रेप करने वाले आरोपी टीटीई (TTE) राहुल कुमार पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी टीटीई पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के वाराणसी डिवीजन में तैनात है। रेलवे विभाग को उसे सेवा से बर्खास्त करने के लिए पत्र भेज दिया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

मदद के बहाने केबिन में बुलाकर की हैवानियत

पीड़ित युवती गोरखपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। वह मऊ में NCC ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी। स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और एसी कोच में सवार हो गई। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात टीटीई राहुल कुमार ने उसे बिना टिकट पकड़ लिया, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय सीट दिलाने और मदद करने के बहाने अपने केबिन में बुला लिया।

दरवाजा बंद कर दिया वारदात को अंजाम

युवती का आरोप है कि केबिन में बुलाने के बाद टीटीई ने अंदर से कुंडी लगा ली। पहले उसने सामान्य बातचीत की, लेकिन जल्द ही अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने बिना टिकट यात्रा के केस में फंसाने की धमकी दी और युवती के साथ दुष्कर्म किया। यह पूरी घटना इंदारा और देवरिया स्टेशनों के बीच की बताई जा रही है।

​डायल 112 पर कॉल करते ही देवरिया में कूदा आरोपी

साहस दिखाते हुए पीड़ित युवती ने शोर मचाया और तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जैसे ही आरोपी टीटीई को अहसास हुआ कि पुलिस सक्रिय हो गई है, वह ट्रेन के देवरिया स्टेशन पहुँचते ही उतरकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गोरखपुर जीआरपी ने पीड़िता की शिकायत पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh