यूपी के प्रतापगढ़ में कॉलेज में पेपर देने से मना करने पर कक्षा नौ की छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। मां की तहरीर पर पुलिस ने प्रबंधक, प्रधानाचार्य समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। देर शाम पुलिस ने प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया।
मानधाता थाना क्षेत्र के पितईपुर गांव निवासी कमलेश प्रजापति दिल्ली में रहकर काम करते हैं। उनकी बेटी रिया प्रजापति (16) गांव के ही कमला शरण यादव इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। इन दिनों विद्यालय में गृह परीक्षा चल रही है।
मां पूनम के मुताबिक, शनिवार सुबह रिया परीक्षा देने स्कूल गई थी। उसकी आठ सौ रुपये फीस बकाया थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने फीस बकाया का हवाला देते हुए उसे परीक्षा हॉल में जाने से रोक दिया। कहा कि पहले फीस दो तभी परीक्षा दे सकोगी।
सभी के सामने अपमानित किया। इसके बाद रिया घर चली आई। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर फंदे पर झूल गई। उस समय वह खेत में काम कर रही थी। पड़ोस के लोगों के सूचित करने पर घर लौटी तो बेटी को फंदे से लटकता पाया।
सूचना मिलते ही मानधाता पुलिस संग सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी मौके पर पहुंचे। मृतका की बहन ने भी विद्यालय में प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। छानबीन के बाद पुलिस ने प्रबंधक संतोष कुमार यादव, प्रधानाचार्य राजकुमार यादव, बड़े बाबू दीपक सरोज, एक शिक्षक और चपरासी धनीराम के खिलाफ छात्रा को फीस के लिए प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए विवश करने का केस दर्ज कर लिया।
-साभार सहित
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026
- बीजेपी सांसद कंगना रनौत के मामले की सुनवाई अब 7 अक्टूबर को: रिवीजन याचिका के निस्तारण तक बहस टालने के लिए वादी ने दिया प्रार्थना पत्र - September 22, 2026
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026