आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में ‘निवेश पर दोगुना रिटर्न’ का झांसा देकर एक कथित दंपती द्वारा 20.15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने बड़ी शातिर तरीके से पहले पीड़ित परिवार के साथ विश्वास का रिश्ता बनाया और फिर एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का लालच देकर भारी धनराशि ऐंठ ली। जब पीड़ित ने समय पूरा होने पर अपनी मेहनत की कमाई वापस मांगी, तो आरोपियों ने न केवल रुपये देने से मना कर दिया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
बैंक कर्मी का चोला पहनकर रचा षड्यंत्र
दहतोरा के पश्चिमपुरी निवासी जगदीश सिंह सोलंकी ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे नरेश सिंह सोलंकी की दुकान के पास रहने आए दीपक शर्मा और हर्षा शर्मा ने खुद को पति-पत्नी बताया था। इस दौरान हर्षा ने दावा किया कि वह भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अछनेरा शाखा में कार्यरत है। बैंक कर्मचारी होने की विश्वसनीयता के कारण पीड़ित परिवार ने उन पर आँख बंद करके भरोसा कर लिया और उनके साथ पारिवारिक संबंध बन गए।
ऑनलाइन और नकद के जरिए हुई ठगी
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें निवेश का प्रस्ताव दिया। नरेश सिंह सोलंकी ने आरोपियों के झांसे में आकर अलग-अलग किस्तों में कुल 17.65 लाख रुपये दीपक शर्मा के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके अतिरिक्त, आरोपियों ने जगदीश सिंह सोलंकी के घर जाकर 2.50 लाख रुपये नकद भी हासिल किए। इस प्रकार, कुल 20.15 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
धमकी देकर फरार हुए आरोपी
निवेश की अवधि समाप्त होने पर जब पीड़ित ने अपनी धनराशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने अपने ठिकाने बदल लिए और गायब हो गए। फोन पर संपर्क साधने की कोशिश की गई तो उन्होंने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
अन्य लोगों से भी करोड़ों की ठगी की आशंका
जांच में यह तथ्य भी सामने आ रहे हैं कि आरोपी केवल एक ही परिवार तक सीमित नहीं थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, दीपक शर्मा ने नितिन चतुर्वेदी, लक्ष्मी नारायण और अरुण कुमार सहित कई अन्य लोगों को भी निवेश के नाम पर अपना शिकार बनाया है। पुलिस अब इस संगठित ठगी के जाल की गहराई से जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस की जांच जारी
सिकंदरा थाना पुलिस ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। आरोपियों के बैंक खातों की लेनदेन रिपोर्ट खंगाली जा रही है और ट्रांजैक्शन ट्रेल को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे। मामले में और भी खुलासे होने की पूरी संभावना है।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026