पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने जनता से अपील की है कि वो देश की संप्रभुता और लोकतंत्र पर सबसे बड़े हमले के ख़िलाफ़ सामने आए और बचाव करे. इमरान ख़ान ने ट्वीट कर लिखा है कि जनता ही हमेशा से देश की संप्रभुता और लोकतंत्र की सबसे मज़बूत रक्षक होती है. उन्होंने एक बार फिर आरोप लगाया कि विदेशी शक्तियाँ यहाँ के कुछ स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से पाकिस्तान के लोकतंत्र और उसकी संप्रभुता पर हमला कर रहे हैं.
इमरान ख़ान ने कहा कि अब देश की जनता को इसके ख़िलाफ़ आगे आकर इसकी रक्षा करनी होगी. उन्होंने ऐसे स्थानीय सहयोगियों को मीर जाफ़र और मीर सादिक़ कहा, जो विदेशी शक्तियों की मदद कर रहे हैं. पाकिस्तान में पिछले दिनों विपक्ष ने इमरान ख़ान की सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव रखा था लेकिन रविवार को इस पर वोटिंग से पहले ही डिप्टी स्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया. इसके बाद इमरान ख़ान की सलाह पर राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने नेशनल असेंबली भंग कर दी. अब ये मामला पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन है. इमरान ख़ान कई दिनों से ये आरोप लगा रहे हैं कि कुछ विदेशी शक्तियाँ उनकी सरकार गिराने की साज़िश कर रही हैं और यहाँ का विपक्ष उनकी मदद कर रहा है. हालाँकि अमेरिका ने कहा था कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है. विपक्ष भी इन आरोपों को ख़ारिज कर चुका है.
-एजेंसियां
- ’बोधित्व’ थीम पर सजेगी आगरा की ऐतिहासिक भीमनगरी: GIC मैदान में भूमि पूजन संपन्न, 125 फीट ऊँचे भव्य महल में विराजेगा बाबा साहेब का गौरव - March 29, 2026
- आगरा में शिक्षा का ‘संग्राम’: किताबों की कालाबाजारी पर युवा शक्ति संगठन और स्कूल संचालक आमने सामने, तख्तियां लेकर यूथ हॉस्टल पहुंचे अभिभावक - March 29, 2026
- आगरा में गूंजी अमन की दुआ: “विश्व पटल पर कायम हो शांति”, जंग की समाप्ति के लिए मासूमों ने भी उठाए हाथ - March 29, 2026