लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर दुर्बल आय वर्ग के 72 परिवारों को आवास आवंटित किए। इस अवसर पर उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक योजना का शुभारंभ नहीं, बल्कि एक सशक्त संदेश है—कि अगर किसी गरीब, व्यापारी या आम नागरिक की भूमि पर किसी माफिया ने कब्जा किया, तो उसका वही अंजाम होगा जो प्रयागराज में देखा गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा, “2017 से पहले माफिया गरीबों की जमीनें हड़प लेते थे, सरकारी आवासों के पास कोठियां बनवाते थे और प्रशासन मौन रहता था। लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। आज उन्हीं माफियाओं की कब्जाई जमीन पर गरीबों के लिए घर बन रहे हैं। हमारी सरकार माफियाओं की संपत्ति पर गरीबों के आवास बनवाने का कार्य लगातार जारी रखेगी।”
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया मुक्त हो रहा है, और यही वजह है कि राज्य विकास की नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “माफियाओं के खत्म होने से युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को नए अवसर मिल रहे हैं। ये माफिया ही समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा थे।”
इस मौके पर आवास पाने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। एक लाभार्थी ने भावुक होकर कहा, “कभी नहीं सोचा था कि लखनऊ में मेरा खुद का घर होगा। मुख्यमंत्री योगी जी की कृपा से अब मेरा सपना पूरा हुआ है। अब मैं अपने माता-पिता के साथ सम्मानपूर्वक रह सकूंगी।”
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को उनके नए घरों की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि राज्य सरकार गरीबों और वंचितों को सशक्त करने के अपने संकल्प पर निरंतर कार्य कर रही है।
-एजेंसी
- आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में संपत्ति विवाद बना खूनी संघर्ष: सगे भाइयों के झगड़े में सेंटर टेबल का कांच तोड़कर गर्दन पर किया जानलेवा हमला - November 18, 2026
- आगरा में दलित महासम्मेलन को लेकर गरमाई सियासत: सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने भाजपा और प्रशासन पर बोला तीखा हमला - November 18, 2026
- आगरा में चुनाव आयोग का बड़ा चुनावी मंथन: होटल आईटीसी मुगल में 5 मंडलों के 21 जिलों की तैयारियों का हो रहा हिसाब-किताब - November 18, 2026