आगरा। ताजनगरी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह एक बार फिर आगरा पूरी तरह कोहरे की आगोश में नजर आया। हालात ऐसे रहे कि सुबह से लेकर देर तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। गलन भरी ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। हालांकि, स्कूलों में घोषित अवकाश के चलते बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत जरूर मिली है।
कोहरे की चादर में लिपटा आगरा
शहर में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रही, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड के साथ गलन इतनी अधिक रही कि लोग बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचते नजर आए।
बाहरी इलाकों में ज्यादा असर
शहर के मुकाबले बाहरी क्षेत्रों में कोहरे का असर कहीं अधिक दिखाई दिया। नेशनल हाईवे, यमुना एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दृश्यता काफी कम रही। वाहन रेंगते हुए चलते नजर आए और धीमी गति के बावजूद हादसों की आशंका बनी रही। प्रशासन ने वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
रेल सेवाओं पर भी पड़ा असर
घने कोहरे की मार रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दी। आगरा के रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म और ट्रैक कोहरे की वजह से स्पष्ट नजर नहीं आ रहे थे। इसका नतीजा यह रहा कि कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। नई दिल्ली–भोपाल शताब्दी, ताज एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें आधे घंटे से एक घंटे की देरी से आगरा पहुंचीं।
अलाव बने सहारा
लगातार बढ़ती ठंड और गलन से बचने के लिए लोग सड़कों के किनारे और चौराहों पर अलाव तापते नजर आए। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे दिहाड़ी मजदूरों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम के आंकड़ों के अनुसार न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को बढ़कर 9.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यानी 24 घंटे में करीब 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं, अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 26 दिसंबर को जहां अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस था, वह 28 दिसंबर को घटकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बीते तीन दिनों से दिन में भी ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिन के समय शीतलहर चलने की संभावना है। शाम और रात में एक बार फिर घना कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।
- खाकी फिर शर्मसार: ताजगंज के सिपाही के साथ लिव-इन में रह रही फैशन डिजाइनर ने की आत्महत्या, शादी से मुकरने पर दी जान, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार - March 13, 2026
- देहतोरा दंगल मेला: हाथरस के हरिकेश पहलवान ने जीता खिताब, राजस्थान के सुनील को दी पटखनी, उमड़ा 25 हजार दर्शकों का सैलाब - March 13, 2026
- आगरा गैस कांड: समाधिया कोल्ड स्टोर की लापरवाही ने घोंटा कुकथरी का दम, प्रशासनिक अमला रात भर रहा तैनात - March 13, 2026