आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र में नीलाम किए जा चुके प्लॉट को बेचने के नाम पर करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुकदमे में कमला नगर निवासी कन्हैयालाल और उनके परिजनों को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित पूजा अग्रवाल, यश अग्रवाल और अभिनव अग्रवाल का आरोप है कि सेवला जाट क्षेत्र स्थित लगभग 1427 वर्गगज के एक प्लॉट का सौदा 1.54 करोड़ रुपये में तय किया गया था। आरोपियों ने प्लॉट से जुड़े दस्तावेजों की फोटोकॉपी दिखाते हुए दावा किया कि जमीन पर न तो कोई कर्ज है, न गिरवी और न ही किसी तरह का कानूनी विवाद।
आरोप है कि इन दावों पर भरोसा कर पीड़ितों ने 65 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और चेक के माध्यम से आरोपियों के खातों में जमा कर दिए। इसके साथ ही इकरारनामा भी कराया गया। हालांकि, बाद में जब पीड़ितों ने जमीन की स्थिति की दोबारा जांच कराई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि संबंधित प्लॉट पहले से ही Yes Bank में ऋण के बदले गिरवी रखा गया था। इतना ही नहीं, बैंक ने 5 अगस्त 2025 को उक्त प्लॉट की नीलामी कर दी थी और 26 अगस्त 2025 को नई पार्टी के नाम उसकी रजिस्ट्री भी हो चुकी थी। यानी जिस जमीन का सौदा कराया गया, वह न तो आरोपियों के स्वामित्व में थी और न ही उनके कब्जे में।
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उन्हें धमकाया और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी तहरीर पर थाना कमला नगर में सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- आगरा के दयालबाग में राधास्वामी मत के तृतीय संत परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा 18 अक्टूबर को, देश-विदेश से पहुंच रहे सतसंगी - October 16, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा को लेकर सियासत गरमाई, जटपुरा लोहामंडी मंदिर कमेटी ने पार्षदों के सभी आरोपों को साक्ष्यों के साथ नकारा - October 16, 2026
- आगरा में एबीवीपी का ‘अराजकता रोको-लोकतंत्र अपनाओ’ अभियान: खंदारी परिसर में छात्रों ने दिया धरना, संविधान रक्षा का लिया संकल्प - October 16, 2026