शामली। कैराना सांसद इकरा हसन के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा और निजी टिप्पणियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शामली के गांव कंडेला में 31 जनवरी को आयोजित एक हिंदू सम्मेलन के दौरान दिया गया बयान अब विवाद का कारण बन गया है। कार्यक्रम में कथित रूप से सपा सांसद इकरा हसन को लेकर की गई टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर उनके समर्थकों ने आपत्ति जताई है।
वायरल क्लिप में वक्ता के तौर पर मौजूद स्वामी राम विशाल दास महाराज मंच से इकरा हसन के चुनाव प्रचार के तरीकों का जिक्र करते हुए निजी टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि बयान महिला गरिमा के खिलाफ है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
जानकारी के अनुसार सम्मेलन में क्षेत्र के कई धार्मिक और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद थे। वीडियो करीब 51 सेकंड का बताया जा रहा है, जिसमें चुनाव के दौरान गुर्जर बहुल इलाकों में किए गए प्रचार का संदर्भ दिया गया है। इसी क्रम में की गई कुछ टिप्पणियों को इकरा हसन के समर्थकों ने अमर्यादित बताया है।
समर्थकों ने जताई नाराजगी
कैराना और शामली क्षेत्र में सांसद के समर्थकों ने बयान पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल अनुचित है। कुछ लोगों ने इसे क्षेत्र की सामाजिक एकता के खिलाफ बताया है।
सोशल मीडिया पर मामले में कार्रवाई की मांग भी उठ रही है
हालांकि पुलिस के अनुसार अब तक किसी औपचारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाइयां ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। फिलहाल सांसद या उनकी पार्टी की ओर से इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और संदर्भ की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
- आगरा का राजू गुप्ता कस्टोडियल डेथ मामला: मानवाधिकार आयोग का कड़ा रुख, मृतक के वारिस खोजो और 5 लाख का मुआवजा दो - March 21, 2026
- आगरा में डिजिटल डकैती: उधारी चुकाने के बहाने बुलाकर दो युवकों का अपहरण, 4 घंटे कार में बंधक बनाकर UPI से लूटी रकम - March 21, 2026
- आगरा में ईद-उल-फितर का मिला-जुला रंग: जामा मस्जिद में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, तो शिया समुदाय ने मनाया ‘शोक’ - March 21, 2026