मेरठ। मेरठ जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों, भरोसे और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में प्ले-स्कूल संचालक 32 वर्षीय अतुल कुमार की मौत को शुरुआत में सामान्य सर्पदंश का मामला माना गया था। लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो परत-दर-परत ऐसा सनसनीखेज षड्यंत्र सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार और दो सपेरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि करीब पांच लाख रुपये की सुपारी देकर जहरीले करैत सांप से अतुल को डंसवाया गया, ताकि हत्या को प्राकृतिक हादसा दिखाया जा सके।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि दामिनी और तुषार के बीच प्रेम संबंध थे। तुषार अतुल कुमार के स्कूल में स्कूल वैन का ड्राइवर था। इसी दौरान तुषार और दामिनी नजदीक आए और फिर दोनों ने साथ रहने का निर्णय ले लिया। अतुल उनके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा था। इसी वजह से उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने सीधे हत्या करने के बजाय ऐसा तरीका चुना, जिससे किसी को शक न हो। इसके लिए दो सपेरों से संपर्क किया गया। बातचीत के बाद जहरीले करैत सांप से हत्या कराने की डील करीब पांच लाख रुपये में तय हुई।
पहले दी नींद की गोलियां, फिर कमरे में छोड़ा करैत
पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात वाली रात दामिनी ने अतुल के भोजन में नींद की गोलियां मिला दीं। जब वह गहरी नींद में सो गया, तब तुषार और दोनों सपेरे घर पहुंचे। आरोप है कि कमरे में जहरीला करैत सांप छोड़ा गया, जिसने सो रहे अतुल को डंस लिया।
सुबह दामिनी ने शोर मचाया कि कमरे में सांप है और पति को सांप ने काट लिया है। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सांप को पकड़ लिया गया और अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में मामला सामान्य सर्पदंश का प्रतीत हुआ, लेकिन परिजनों को इस बात पर संदेह हुआ कि घटना वाली रात दामिनी अपने पति अतुल से अलग दूसरे कमरे में क्यों सो रही थी। दामिनी ने इसकी वजह गर्मी लगना बताया, लेकिन परिजन संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की।
20 दिन पहले भी नाकाम रही थी साजिश
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल की हत्या की योजना अचानक नहीं बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, पहले भी उसे कार से टक्कर मरवाकर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हो पाया। पहली कोशिश विफल होने के बाद आरोपियों ने नई योजना बनाई और इस बार करैत सांप का इस्तेमाल किया। इसके लिए प्रेमी तुषार ने अपने परिचित दो सपेरों से सम्पर्क किया और सपेरे पांच लाख रुपये में यह वारदात करने को तैयार हो गए।
बीमा राशि पर भी थी नजर
पुलिस का दावा है कि हत्या के पीछे केवल प्रेम संबंध ही नहीं, बल्कि आर्थिक लाभ भी एक बड़ा कारण था। जांच में पता चला कि अतुल का करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। पुलिस का कहना है कि दामिनी ने पति की मौत के बाद मिलने वाली बीमा राशि से तुषार के साथ नये जीवन की शुरुआत करने के सपने देख रखे थे।
मां से जताया था जान का खतरा
जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि अतुल ने कुछ समय पहले अपनी मां से कहा था कि उसे अपनी पत्नी और उसके करीबी लोगों से जान का खतरा महसूस हो रहा है। उस समय किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह आशंका इतनी भयावह सच्चाई में बदल जाएगी।
चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये हैं अतुल की पत्नी दामिनी, कथित प्रेमी तुषार और दो सपेरे, जिन पर जहरीला करैत उपलब्ध कराने और हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा करने का दावा किया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
देश में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हाल के वर्षों में पति की हत्या कर प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने की चाह में कई सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं।
मेरठ में ही चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगा था। उस मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मेरठ का ही नीले ड्रम का मामला भी बहुत चर्चित रहा था। इसी तरह राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई मामलों में पत्नियों पर प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या कराने या हत्या में शामिल होने के आरोप लगे हैं। अधिकांश मामलों में हत्या को दुर्घटना, आत्महत्या या प्राकृतिक मौत साबित करने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में साजिश का खुलासा हो गया।
सवाल सिर्फ एक हत्या का नहीं
मेरठ में अतुल की हत्या यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं है। यह रिश्तों में बढ़ते अविश्वास, विवाहेतर संबंधों और लालच की उस भयावह तस्वीर को सामने लाती है, जहां जीवनसाथी ही जीवन का सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है। यह वारदात उस समय और सोचने को विवश करती है कि जिस दामिनी ने अतुल से लव मैरिज की थी, उसी को एक नये प्रेमी के साथ मिलकर मरवा दिया। अतुल ने परिवार की मर्जी के खिलाफ दामिनी को अपना हमसफर बनाया था।
जिस व्यक्ति ने अपने परिवार का भविष्य संवारने के लिए स्कूल चलाया, उसी की जिंदगी कथित रूप से उसके सबसे करीबी लोगों ने खत्म करने की योजना बना डाली। जिस बिस्तर पर इंसान सबसे सुरक्षित महसूस करता है, वहीं मौत उसका इंतजार कर रही थी।
पुलिस की जांच अभी जारी है। अदालत में साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होगी, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में विश्वास टूटने की कीमत आखिर कितनी भयावह हो सकती है।
- आइकॉनिक गोल्ड स्ट्रीमिंग अवॉर्ड्स 2026 में अनिल कपूर, मनोज बाजपेयी समेत सितारे सम्मानित - July 18, 2026
- आगरा में अनोखी तलाश: लापता पालतू तोते ‘माऊ’ को ढूंढने वाले को मिलेगा 50 हजार का इनाम, शहर में लगे होर्डिंग्स बने चर्चा के विषय - July 18, 2026
- आगरा में अनोखी तलाश: लापता पालतू तोते ‘माऊ’ को ढूंढने वाले को मिलेगा 50 हजार का इनाम, शहर में लगे होर्डिंग्स बने चर्चा के विषय - July 18, 2026