आगरा: जनपद के थाना चित्राहाट क्षेत्र के अंतर्गत बाह-इटावा मार्ग पर गुरुवार देर रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान के कैला देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो गाड़ी मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची और महिला समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
चीख-पुकार से दहला बाह-इटावा मार्ग
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग इटावा के इकदिल क्षेत्र के निवासी थे। देर रात जब गाड़ी चित्राहाट क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे पेड़ में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही थाना चित्राहाट पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में इन्होंने गंवाई अपनी जान (मृतकों की सूची):
इस भयावह दुर्घटना ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
कामता प्रसाद (70 वर्ष), निवासी नगला बर, इकदिल (इटावा)
देवेन्द्र (35 वर्ष), निवासी नगला बर, इकदिल (इटावा)
सीमा देवी (32 वर्ष), निवासी नगला बर, इकदिल (इटावा)
आराध्या (3 वर्ष मासूम), निवासी नगला बर, इकदिल (इटावा)
ऋषि (20 वर्ष), निवासी प्रतापपुर अजीतमल (औरैया)
घायलों की हालत नाजुक, सैफई रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सैफई (इटावा) के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में रोशनी (22 वर्ष), आदित्य (13 वर्ष), ऋषभ (18 वर्ष) और चालक अवनीश (20 वर्ष) शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्वी जोन, अभिषेक अग्रवाल ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को राहत कार्य और हादसे के कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बाह भेज दिया है।
इस हादसे के बाद इकदिल और नगला बर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण गाड़ी की अत्यधिक रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है।
- राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तीखा हमला, बोले- मुझे नहीं पता कि वे भारत के भविष्य को माफ करने वाले कौन होते हैं… - August 5, 2026
- इलाहाबाद हाईकोर्ट का कड़ा रुख: यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षा में 33 प्रश्न गलत पाए जाने पर सचिव और परीक्षा नियंत्रक तलब - August 5, 2026
- 4,200 करोड़ की लागत से बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के 20 दिन के भीतर सड़क धंसने की पांच घटनाएं, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल - August 5, 2026