आगरा: अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने गुरुवार को आगरा में अंतरराष्ट्रीय राजनीति से लेकर भारतीय सांस्कृतिक पहचान तक के मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ ‘नाश्ते पर चर्चा’ के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के अस्तित्व पर तीखी टिप्पणी की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के ‘हिंदू’ संबंधी बयान का समर्थन किया।
पाकिस्तान के भविष्य पर तीखा प्रहार
पाकिस्तान की वर्तमान स्थिति पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि पाकिस्तान जिस रास्ते पर चल रहा है, उसका भविष्य पूरी तरह अंधकारमय है। उन्होंने दावा किया, “अगर अमेरिका जैसी कुछ अंतरराष्ट्रीय ताकतें अपने निजी हितों के लिए उसे बचा नहीं रही होतीं, तो पाकिस्तान अब तक बहुत पहले ही बिखर चुका होता और उसके टुकड़े-टुकड़े हो गए होते।”
”हिंदू कोई धर्म नहीं, जीवनशैली है”
RSS प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान पर जिसमें उन्होंने भारत के सभी निवासियों को हिंदू बताया था राज्यपाल ने कहा कि वह इस बात को बहुत पहले से कहते आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदू कोई मजहब नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक पहचान और जीवनशैली है।
उन्होंने सर सैयद अहमद खां का उदाहरण देते हुए बताया कि एक बार आर्य समाज के कार्यक्रम में सर सैयद ने स्वयं पूछा था कि “आप मुझे हिंदू क्यों नहीं कहते? मैं हिंदुस्तान का नागरिक हूँ और यहाँ की परंपराओं को मानता हूँ, इसलिए मैं भी हिंदू हूँ।”
आगरा की बेड़ई और पुरानी यादों का तड़का
संवाद के दौरान राज्यपाल का एक बेहद आत्मीय और मजाकिया पहलू भी सामने आया। उन्होंने आगरा की मशहूर बेड़ई का स्वाद चखा और इसकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैं अब तक दिल्ली की बेड़ई को सबसे बेहतर समझता था, लेकिन आगरा की बेड़ई का स्वाद लाजवाब है।”
अपने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के दिनों को याद करते हुए उन्होंने एक रोचक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन में वे शमसाद मार्केट में एक पंडित जी के होटल पर खाना खाते थे। एक बार उन्होंने देखा कि पंडित जी का पसीना आटा गूंथते समय उसमें गिर गया, लेकिन भूख इतनी तेज थी कि उन्होंने खुद को यह कहकर समझा लिया कि “जब आटा घी में सिंकेगा, तो सब शुद्ध हो जाएगा।” इस किस्से को सुनकर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े।
- Agra News: फतेहपुर सीकरी का सुपहरा गांव बना ‘रणभूमि’, नहर की गूल को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर - February 12, 2026
- बाराबंकी: जांच के बहाने पीड़िता पर ‘दिल’ हार बैठे दरोगा साहब, महिला ने CM पोर्टल पर की शिकायत - February 12, 2026
- अमेरिका न होता तो टुकड़े-टुकड़े हो जाता पाकिस्तान, आगरा में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का बड़ा बयान - February 12, 2026