यूपी को दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, लखनऊ-सहारनपुर और वाराणसी-खजुराहो के बीच तेज सफर की शुरुआत

REGIONAL

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को जल्द ही दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है। सात नवंबर से लखनऊ-सहारनपुर और वाराणसी-खजुराहो के बीच सुपरफास्ट वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सीतापुर स्थित नैमिष धाम के दर्शन और भी आसान हो जाएंगे, क्योंकि लखनऊ से पहली बार सीतापुर वंदे भारत ट्रेन से जुड़ने जा रहा है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुछ दिन पहले एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इन ट्रेनों के संचालन की जानकारी साझा की थी। रेलवे बोर्ड का औपचारिक नोटिफिकेशन शनिवार शाम तक जारी होने की संभावना है।

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (26504/26503)

नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (26504) सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 5 बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन सीतापुर (5:55 बजे), शाहजहांपुर (7:10 बजे), बरेली (8:08 बजे), मुरादाबाद (9:27 बजे), नजीबाबाद (10:45 बजे) और रुड़की (11:40 बजे) होते हुए सहारनपुर दोपहर 12:45 बजे पहुंचेगी।

वापसी में (26503) ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सहारनपुर से दोपहर 3 बजे रवाना होकर रुड़की (3:45 बजे), नजीबाबाद (4:40 बजे), मुरादाबाद (6:10 बजे), बरेली (7:33 बजे), शाहजहांपुर (8:38 बजे), सीतापुर (9:50 बजे) से होते हुए लखनऊ रात 11 बजे पहुंचेगी।

वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस (26422/26421)

वाराणसी से 26422 वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5:25 बजे रवाना होकर विंध्याचल (6:55 बजे), प्रयागराज छिवकी (8:00 बजे), चित्रकूट धाम (10:05 बजे), बांदा (11:08 बजे), महोबा (12:08 बजे) होते हुए खजुराहो दोपहर 1:10 बजे पहुंचेगी।

वापसी में 26421 वंदे भारत एक्सप्रेस खजुराहो से दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी और महोबा (4:18 बजे), बांदा (5:13 बजे), चित्रकूट धाम (6:13 बजे), प्रयागराज छिवकी (8:20 बजे), विंध्याचल (9:10 बजे) होते हुए वाराणसी रात 11 बजे पहुंचेगी।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने शनिवार को अवकाश के दिन भी ट्रेन संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नई वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को तेज, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का नया अनुभव मिलेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh