Agra News: आगरा किला में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद दीवान-ए-आम की दीवारों में आई दरारें, प्लास्टर भी झड़ा – Up18 News

G-20 आगरा किला में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद दीवान-ए-आम की दीवारों में आई दरारें, प्लास्टर भी झड़ा

REGIONAL

 

आगरा: एएसआई विभाग में इस समय हड़कंप मचा हुआ है। आगरा किला के दीवान-ए-आम में हुए प्रोजेक्शन मैपिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम के म्यूजिक से नुकसान पहुँचा है। दीवान-ए-आम की दीवार में दो से छह एमएम की दरार आ गयी है। एएसआई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल वहां पर लोगों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग लगा दी गई है।

आपकों बताते चले कि आगरा किला में जी-20 के विदेशी मेहमानों के लिए प्रोजेक्शन मैपिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। एएसआई ने यूनेस्को की ओर से निर्धारित साउंड लेवल में कार्यक्रम की अनुमति दी थी लेकिन मानकों का ध्यान न रखकर 40 डेसीबल से अधिक पर साउंड बजाया गया जिससे दीवान ए आम की दीवार और छत में दरार आ गई है।

म्यूजिक की धमक से आईं दरारें!

आगरा किले के दीवान ए आम में दरारें आने के साथ साथ म्यूजिक की धमक से चूने का प्लास्टर भी झड़ गया है। सोमवार को जब एएसआई अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो खलबली मच गई। एएसआई की अब प्रोजेक्शन मैपिंग शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दीवान ए आम में हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए पहुँच गया। पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर दीवान ए आम में क्षतिग्रस्त हिस्से में बैरीकेडिंग की कर दी गई है।

आगरा में 11 और 12 फरवरी को G-20 शिखर सम्मेलन की महिला सशक्तीकरण पर बैठक हुई थी जिसमें G20 के 13 देशों के 145 प्रतिनिधि आए थे। विदेशी मेहमान के लिए 11 फरवरी की शाम आगरा किले के दीवान ए आम में महिला, बाल विकास एवं संस्कृति मंत्रालय ने प्रोजेक्शन मैपिंग व सांस्कृतिक प्रस्तुति का आयोजन किया था। यह शो करीब 45 मिनट तक चला था। इसमें दीवान ए आम में पर्दे लगाकर लेजर लाइट डाली गई थीं, जिससे साउंड एंड लाइट शो की तरह प्रस्तुति में लाइटों व साउंड का इस्तेमाल हुआ था। साउंड के लिए दीवान ए आम और किले में जगह-जगह स्पीकर लगाए गए थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री व आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के साथ ही G20 देशों के मेहमान मौजूद थे।

कई जगह आई दरारें

सोमवार को एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. राजकुमार पटेल, उप अधीक्षण पुरातत्वविद सुनीता तेवतिया, सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद् नीरज वर्मा सहित अन्य अधिकारी आगरा किला पहुंच गए। अधिकारियों की टीम ने आगरा किले के दीवान ए आम का निरीक्षण किया। इसमें दीवान ए आम की दक्षिण दिशा में सीढ़ियों के नजदीक स्थित खंबे के ऊपर दीवार और छत में दरारें आईं हैं। कई जगहों से चूने का प्लास्टर भी झड़ गया है। अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा के लिहाजे से वहां पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है।

एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल ने बताया कि विभागीय टीम को आगरा किले के दीवान ए आम के निरीक्षण में नुकसान का पता चला है। इसका आंकलन किया जा रहा है कि क्या ये दरारें पहले से थीं या फिर कार्यक्रम के बाद आई हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh