बरेली। जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। कोहरे के चलते दृश्यता लगभग शून्य होने पर रोडवेज बस और कार समेत करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें लगभग 24 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सुबह 8 बजे शुगर मिल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे फरीदपुर क्षेत्र में शुगर मिल के समीप हाईवे की दोनों लेन पर एक के बाद एक वाहन टकरा गए। टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।
तीन रोडवेज बसें, ट्रक-डीसीएम और कारें क्षतिग्रस्त
हादसे में तीन रोडवेज बसें, ट्रक, डीसीएम और कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पेड़ों में जा घुसी। टक्कर के बाद हाईवे पर दोनों तरफ यातायात ठप हो गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर वाहनों को हटवाया, जिसके बाद आवागमन शुरू हो सका।
बस चालक गंभीर रूप से घायल, वाहन में फंसा
बताया जा रहा है कि सबसे पहले गोरखपुर से मेरठ जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। कुछ वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गए। हादसे में रोडवेज बस चालक अतर सिंह (निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, मुजफ्फरनगर) गंभीर रूप से घायल हो गया और बस में फंस गया। पुलिस ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
परिवार समेत कई यात्री घायल
बरेली डिपो की रोडवेज बस में सवार बलराम अपनी पत्नी यशोधरा और बच्चों लव (6 वर्ष) व माही (10 वर्ष) के साथ कटरा से दिल्ली जा रहे थे। हादसे में माही घायल हो गई, जिसे अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
करीब आधा घंटे तक लगा रहा जाम
पुलिस के अनुसार मामूली चोटिल कई लोग प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए, जबकि गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के चलते हाईवे पर करीब आधा घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
- Agra News: संतों का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान…स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान पर बिफरी समाजवादी पार्टी, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन - January 21, 2026
- योगी सरकार ने सराहा आगरा पुलिस का जज्बा, सुरक्षा और अनुशासन के लिए कमिश्नरेट के अफसरों का सम्मान - January 21, 2026
- आगरा क्लब में साहित्य और नारी शक्ति का संगम, निराला जयंती और बसंत उत्सव पर झूमीं महिलाएँ - January 21, 2026