modi rajkuamr chahar sikri

412 वर्ष बाद फतेहपुर सीकरी की नई कहानीः जल की कमी पर अकबर ने 1610 में बदली थी राजधानी, अब मोदी घर-घर पहुंचा रहे गंगा का पानी

NATIONAL POLITICS REGIONAL

Dr Bhanu Pratap Singh

Agra, Uttar Pradesh, India, India.जिला मुख्यालय से करीब 41 किलोमीटर दूरी पर है फतेहपुर सीकरी। स्मारकों का समूह। लाल पत्थर पर ऐसी कलाकारी कि देखते ही रह जाओ। अकबर ने सीकरी के रूप में शानदार शहर बसाया। अकबर को यह शहर इतना भाया कि आगरा किला छोड़कर इसे ही राजधानी बनाया। 1570 से 1585 तक यहीं से शासन चलाया। फिर ऐसा समय भी आया जब अकबर को फतेहपुर सीकरी से पलायन करना पड़ा। कारण था पानी। पानी की कमी हो गई। यह बात 1610 की है। तभी से फतेहपुर सीकरी पानी के लिए तरस रही है। बोरिंग गहरी और गहरी होती जा रही है। गर्मी में तो पानी के लिए त्राहि-त्राहि हो जाती है। अकबर के फतेहपुर सीकरी छोड़ने के ठीक 412 वर्ष बाद पानी की कमी दूर होने जा रही है। सिर्फ पानी नहीं, गंगाजल मिलने जा रहा है। यह काम किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने। इस काम का श्रेय फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को न दें ठीक नहीं होगा।

अकबर पीता था गंगाजल

अकबर हमेशा गंगाजल पीता था। सोरों (कासगंज, यूपी) से गंगाजल आगरा लाया जाता था। 1999-2000 में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने वह पात्र खोज निकाला था जिसमें अकबर के लिए गंगाजल रखा जाता था। धूप घड़ी की व्याख्या गंगा पात्र के रूप में की गई थी। तब किसी को अंदाज नहीं था कि 412 वर्ष बाद आम जनता को भी गंगाजल पीने को मिलेगा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र की जनता के लिए यह गर्व की बात है।

Rajkumar Chahar BJP MP
पत्रकारों से वार्ता करते सांसद राजकुमार चाहर। साथ में प्रशांत पौनिया (दाएं) और दिनेश पचौरी (बाएं)।

10 जून को खुलेगी 6779.57 करोड़ की निविदा

फतेहपुर सीकरी से भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर जब भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलते, उनसे आगरा के लिए पानी मांगते। उनकी इस हठ को देखते हुए जलशक्ति मंत्रालय की कमेटी का सदस्य बना दिया गया। बस राजकुमार चाहर को अवसर मिल गया। उन्होंने जल जीवन मिशन “हर घर जल” के प्रथम चरण में संपूर्ण आगरा जनपद क्षेत्र का चयन करा लिया है। इसके लिए 6779.57 करोड़ रुपये मंजूर कराए कराए हैं। 10 जून को लखनऊ में निविदा खोली जाएंगी। इस कार्य हेतु दो डीपीआर बनाई गई हैं। कंबाइंड राइजिंग मेन,  हेड वर्क्स फॉर इनटेक पर 2661.25 करोड़ रुपये  और मल्टी विलेज रुरल पाइप्ड वाटर सप्लाई योजना पर 4118.32 करोड़ रुपये व्यय होंगे। 24 माह में हर घर में नल से जल पहुंच जाएगा।

हर घर नल से गंगाजल पहुंचेगा

सांसद राजुकमार चाहर ने पत्रकारों को बताया कि वर्तमान में सतही जल (गंगाजल) नरौरा बैराज, जनपद बुलंदशहर से 2300 एमएस व्यास की 126 किलोमीटर राइजिंग मेन लगभग के माध्यम से पम्पिंग द्वारा आगरा को उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी से ग्रमीण क्षेत्र के लिए गंगाजल लाया जाएगा। इसके लिए नारखी (टूंडला, फिरोजाबाद) में वाटर वर्क्स बनेगा। इससे जनपद आगरा के समस्त विकास खण्डों को जल उपलब्ध करते हुए हर घर नल से जल पहुंचाया जाएगा।

rajkumar chahar press varta agra
पत्रकार वार्ता के दौरान इलेक्ट्राॉनिक मीडिया सांसद राजकुमार चाहर से बाइट लेते हुए।

1030 करोड़ की योजना निरस्त कराई

सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले वर्ष जनपद – आगरा में प्रथम चरण में 576 ग्राम पंचायत के 725 राजस्व ग्रामों में “हर घर नल से जल” पहुँचाने के लिए मै. नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी को चयनित कर कार्य आवंटित किया गया था। अनुमानित लागत 1030  करोड़ रुपये थी। योजना के अंतर्गत लगभग 300 स्थलों का सर्वेक्षण किया गया। पेयजल की मात्रा कम एवं मानक अनुरूप न होने के कारण सतही जलस्रोत से समस्त जनपद की योजना बनाये जाने का निर्णय हुआ है। इसके लिए पिछले वर्ष सांसद चाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गंगाजल घर – घर पेयजल हेतु देने का अनुरोध किया था। उसके बाद प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी ने आगरा जनपद को गंगाजल देने का निर्णय किया।

फिरोजाबाद के तीन विकास खंड शामिल

आगरा के अलावा मथुरा, हाथरस, उन्नाव और बलिया का संपूर्ण जनपद क्षेत्र जल जीवन मिशन के अंतर्गत शामिल किया गया है। फिरोजाबाद जिले में टूंडला, खैरगढ़ और कोटला (नारखी) विकास खंड, प्रयागराज जिले में कोरांव, मेजा, शंकरगढ़, मण्डा, जसरा विकास खंड और चंदौली जिले में नौगढ़ विकास खंड को शामिल किया गया है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा किसान मोर्चा बृज क्षेत्र के अध्यक्ष प्रशांत पौनिया, भाजरपा कार्यकर्ता दिनेश पचौरी, सतेन्द्र यादव आदि मौजूद थे।

Dr. Bhanu Pratap Singh