DM agra

आगरा के विकास खण्डों में होगा किसान निवेश मेला 25 दिसम्बर से

REGIONAL

उन्नतशील बीज, कृषि उपकरण आदि पर छूट, कृषि निवेश का वितरण भी होगा

Live Story time

 Agra, Uttar Pradesh, India. मुख्य विकास अधिकारी श्री ए. मनिकन्डन ने बताया कि प्रत्येक विकास खण्ड पर एक दिवसीय कृषि निवेश मेला का आयोजन किया जायेगा। इसमें विकास खण्ड के अन्तर्गत सभी गाँवों के किसान कृषि, सहकारिता, एग्रो, कृषि रक्षा, पशुपालन, ग्राम्य विकास, उद्यान, वन, पंचायत राज, मण्डी समिति वैकल्पिक ऊर्जा, सिंचाई, नलकूप एवं विद्युत आदि विभागों तथा निजी कंपनियां के स्टॉल लगाये जायेंगे। उपकरणों को कृषकों को प्रदर्शन एवं बिक्री हेतु उपलब्ध कराया जायेगा।

उन्होंने बताया कि मेले में उन्नतशील बीज, कृषि उपकरण आदि पर विभागीय योजना में देय अनुदान की सीमा तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कृषकों को छूट अनुमन्य करायी जायेगी। विभिन्न विभागों द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराये जाने वाले कृषि निवेश का वितरण भी इन्ही मेलों में होगा, ताकि किसानों को अनुदान का सीधा लाभ प्राप्त हो सके। इन मेलों में किसानों के हितार्थ संचालित योजनाओं एवं उसके लाभ की जानकारी किसानों को दी जायेगी।

मेला का आयोजन विकास खण्ड मुख्यालय पर किया जायेगा। विकास खण्ड के सभी ग्रामों से अधिक से अधिक कृषकों की भागीदारी व मेले के प्रचार-प्रसार हेतु उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। वह अपनी देख-रेख में कृषि निवेश मेले का आयोजन करायेंगे। साथ ही जिला कृषि अधिकारी एवं जिला कृषि रक्षा अधिकारी मेलों में विभागीय स्टॉल के साथ-साथ निजी संस्थाओं के बीज, उर्वरक, कृषि रक्षा रसायन आदि के स्टॉल भी प्रदर्शित करायेंगे। भूमि संरक्षण अधिकारी, टूण्डला स्थान आगरा, भूमि संरक्षण अधिकारी, आगरा प्रथम द्वारा स्टॉल लगाकर मेला में भाग लेने वाले कृषकों का पंजीकरण कराया जायेगा।

विकास खण्ड स्तरीय कृषि निवेश मेलों का प्रातः 10.30 से होगा। 25.11.2022 को बाह, 26.11.2022 को पिनाहट, 28.11.2022 को जैतपुर कला, 29.11.2022 को खेरागढ़, 30.11.2022 को सैंया, 01.12.2022 को जगनेर, 02.12.2022 को खन्दौली, 03.12.2022 को एत्मादपुर, 05.12.2022 को फतेहाबाद, 06.12.2022 को शमसाबाद, 07.12.2022 को बरौली अहीर, 08.12.2022 को कृषि विज्ञान केन्द्र बिचपुरी, 09.12.2022 को अकोला, 12.12.2022 को अछनेरा तथा 13.12.2022 को विकास खण्ड फतेहपुर सीकरी में कृषि निवेश मेलों का कार्यक्रम निर्धारित है।

तहसील सदर का निरीक्षण

न्यायमूर्ति इलाहाबाद हाईकोर्ट मनोज गुप्ता एवं जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने जनपद की तहसील सदर का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तहसील सदर में साफ-सफाई व तहसील में रखे रिकॉर्ड, पत्रावलियों व व्यवस्थाओं को देखा, जिसमें धूल, गंदगी तथा अव्यवस्था मिलने पर नाराजगी जताई। दुरस्त करने को निर्देशित किया। साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कड़ाई से निर्देश दिए।  इस अवसर पर जिला जज विवेक सिंगल, अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मृत्यु की मजिस्ट्रियल जाँच

अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम) राम प्रकाश ने अवगत कराया है कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार राजकीय बाल गृह (शिशु) आगरा में निरुद्ध किशोर अंकित पुत्र स्व0 रमाकान्त की 17 सितम्बर 2022 को मृत्यु हो गयी थी, जिसकी मैजिस्ट्रियल जांच की जा रही है। इस सम्बन्ध में कोई भी व्यक्ति जो अपना साक्ष्य/बयान/या अन्य कोई जानकारी देना चाहता है, तो वह अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम) के कार्यालय में 05 दिसम्बर 2022 तक किसी भी कार्यशील दिवस में प्रातः 11 बजे से सायं 05 बजे तक प्रस्तुत कर सकता है।

Dr. Bhanu Pratap Singh