पाकिस्तान में हिंदू समुदाय किस हाल में है, इसका अंदाजा आए दिन हिंदुओं पर होने वाले हमलों और जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाओं से लगाया जा सकता है। इसी कड़ी में ताजा मामला अब कराची से सामने आया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने कराची के मशहूर आई सर्जन डॉक्टर बीरबल जेनानी की गोली मारकर हत्या कर दी। बीरबर जेनानी पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर में कराची महानगर निगम (KMC) के पूर्व स्वास्थ्य निदेशक थे। खबरों के मुताबिक जब वह रामस्वामी से अपने सहायक डॉक्टर के साथ गुलशन-ए-इकबाल जा रहे थे तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया।
द न्यूज़ इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक जेनानी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके सहायक को गोली लगी। सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहे घटना के वीडियो में डॉक्टर जेनानी की कार को अनियंत्रित तरीके से आगे बढ़ते हुए और एक दीवार से टकराते हुए देखा जा सकता है।
स्थानीय पुलिस ने कहा कि डॉ. जेनानी की हत्या एक ‘टारगेट किलिंग’ थी। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। खबर के अनुसार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदू डॉक्टर पर दूसरा हमला
हाल के हफ्तों में पाकिस्तान में एक हिंदू डॉक्टर पर इस तरह का यह दूसरा हमला है। इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के हैदराबाद के रहने वाले एक डॉक्टर को उसके ड्राइवर ने घर के अंदर मार डाला था। पाकिस्तान में हिंदुओं का जबरन धर्म परिवर्तन भी एक चिंताजनक विषय है।
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के कई सदस्यों ने देश में हिंदू लड़कियों और महिलाओं के जबरन धर्मांतरण और विवाह की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए गुरुवार को कराची शहर में एक विरोध मार्च निकाला।
जबरन धर्मांतरण के खिलाफ प्रदर्शन
हिंदू संगठन पाकिस्तान दारावर इत्तेहाद (पीडीआई) ने कराची प्रेस क्लब और सिंध विधानसभा भवन के प्रवेश द्वार पर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था। पीडीआई के एक सदस्य ने कहा, ‘हम सिंधी हिंदुओं के सामने इस बड़ी समस्या को उजागर करना चाहते हैं, विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में जहां हमारी युवा लड़कियों का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया जाता है, और फिर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया जाता है। इसके बाद बड़ी उम्र के मुस्लिम पुरुषों से उनकी शादी कर दी जाती है।’
- Agra News: ताज महोत्सव में दिखेगा काशी-हरिद्वार सा नजारा, 10 दिनों तक यमुना तट पर होगी ‘महाआरती’, मेयर ने परखीं तैयारियां - February 17, 2026
- भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 38वीं पुण्यतिथि: ‘जननायक के आदर्श ही सामाजिक न्याय का असली मार्ग’— प्रो. एसपी सिंह बघेल - February 17, 2026
- Agra News: चैंबर चुनाव समिति ने घोषित किया कार्यक्रम, नामांकन 21 से 28 फरवरी तक, मतदान 14 मार्च को - February 17, 2026