शाहजहांपुर: सैन्य छावनी (कैंट) क्षेत्र में सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक 22 वर्षीय युवक, जो खुद को सेना का ‘ब्रिगेडियर’ बताकर रौब जमा रहा था, उसे मिलिट्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के साथ उसके तीन अन्य साथी भी थे, जिनमें से दो ने NSG कमांडो की वर्दी पहनी हुई थी।
ऐसे चला फर्जीवाड़े का पता
आरोपी आर्यन वर्मा, जो मूल रूप से इंटरमीडिएट पास है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, लंबे समय से सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों की नजरों में था। वह सेना का झंडा लगी अपनी ‘हैरियर’ कार में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की वर्दी पहनकर अक्सर इलाके में घूमता देखा जाता था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सेना ने उसे रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।
शहीद संग्रहालय में बिछाया जाल
शुक्रवार को एक कार्यक्रम के बहाने उसे ‘शहीद संग्रहालय’ बुलाया गया। जैसे ही आर्यन अपनी कार से वहाँ पहुँचा, पूर्व नियोजित तरीके से तैनात मिलिट्री पुलिस ने उसे और उसके साथियों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से कई आपत्तिजनक सामग्री जिसमें फर्जी सैन्य पहचान पत्र, एक नकली पिस्टल, ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों का विशेष बैटन (छड़ी) बरामद हुई।
इंटेलिजेंस टीम कर रही गहन जांच
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने दिल्ली के किसी बाजार से ब्रिगेडियर की वर्दी खरीदी थी। यहाँ तक कि उसने अपने घर के बाहर भी ‘ब्रिगेडियर’ नाम की नेम प्लेट लगवा रखी थी ताकि किसी को शक न हो। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सेना की विशेष इंटेलिजेंस (खुफिया) टीम अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सैन्य अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने और किन-किन ठिकानों पर इस वर्दी का इस्तेमाल किया है और इसका मुख्य उद्देश्य क्या था, इन सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस और सैन्य प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और अधिक सतर्क हो गया है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा किले में गूंजा महाराजा सूरजमल का जयघोष, विजय दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जीवंत हुआ गौरवशाली इतिहास - June 13, 2026
- Agra News: 16वीं ‘नमन काव्य गोष्ठी’ में गूंजा राष्ट्रवाद का स्वर, कवियों ने महाराजा सूरजमल के पराक्रम का किया गुणगान - June 13, 2026
- असम: जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच जवानों की शहादत से देश स्तब्ध - June 13, 2026