आगरा: शहर की अग्रणी संस्था ‘श्रीरामलीला कमेटी’ ने समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक अत्यंत सराहनीय कार्य किया है। रविवार को मोतीलाल नेहरू रोड स्थित श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित ‘आगरा बुलियन चैरिटेबल आई हॉस्पिटल’ में आयोजित एक समारोह में, श्रीरामलीला कमेटी ने नेत्रालय को अत्याधुनिक ‘पैक स्कैन 300 प्लस’ मशीन दान स्वरूप भेंट की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सा जगत के दिग्गजों और प्रबुद्ध नागरिकों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. रंजना बंसल ने श्रीरामलीला कमेटी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था केवल रामलीला के भव्य मंचन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कमेटी के पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के दौरान आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्ट चैंबर (AFMEC) के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, प्रमुख समाजसेवी और उपकार प्रकाशन के नरेश जैन ने नेत्रालय की आवश्यकताओं को देखते हुए चार एयरकंडीशनर (AC) भेंट करने की घोषणा की।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने संबोधन में युवा पीढ़ी को समाजसेवा से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही शहर में बुजुर्गों के लिए एक विशाल हॉल तैयार किया जाएगा, जो उनके सामाजिक जीवन को और बेहतर बनाने में सहायक होगा।
नेत्रालय की तकनीकी क्षमता पर प्रकाश डालते हुए श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि ‘पैक स्कैन 300 प्लस’ एक डिजिटल बायोमेट्रिक मशीन है, जो मोतियाबिंद ऑपरेशन से पूर्व आंखों की सटीक माप लेने में सक्षम है। इससे अब नेत्र रोगियों की शल्य चिकित्सा पहले की तुलना में अधिक वैज्ञानिक और सफल हो सकेगी।
इस गरिमामयी आयोजन में श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल, महामंत्री राजीव अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल एवं अशोक गोयल ने नेत्रालय की ऐतिहासिक विकास यात्रा की जानकारी दी। इस अवसर पर राम हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश बागला, डॉ. प्रतिभा बंसल, भगवान दास बंसल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संरक्षक शांतिस्वरूप गोयल, संतोष शर्मा, विजय अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, विजय गोयल, विनोद जौहरी, मुकेश जौहरी, राकेश जैन, टी.एन. अग्रवाल, रामांशु शर्मा, महेश अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, ऋतिक जौहरी, प्रसून मंगल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विष्णु गर्ग, डॉ. सुरेश गोयल एवं नंद किशोर गोयल सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी मौजूद रहे।
- NEET परीक्षा में ड्रेस कोड पर बवाल: बुर्का पहनने को लेकर छात्रा को केंद्र पर रोका, प्रशासन के दखल के बाद मिली एंट्री - June 21, 2026
- राजा भरत के आदर्शों को भूल गई भाजपा… राम मंदिर अनियमितताओं पर आप सांसद संजय सिंह का भाजपा पर तीखा हमला - June 21, 2026
- राम मंदिर चढ़ावा मामला: SIT जांच के बीच अखिलेश यादव का तंज, कहा- कहीं रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए… - June 21, 2026