दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर तोड़फोड़ के मामले में गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि इस मामले में और भी लोगों की गिरफ़्तारी हो सकती है. पुलिस ने इसके लिए टीम भेजी हुई हैं.
बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की थी. युवा मोर्चा के प्रमुख और सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि ‘द कश्मीर फ़ाइल्स’ फ़िल्म को लेकर अरविंद केजरीवाल के बयान के कारण ये विरोध प्रदर्शन किया गया.
पुलिस ने बुधवार को इस मामले में अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया था. इस घटना के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच बयानबाजी शुरू हो गई.
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर सीएम केजरीवाल को जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, ”आज पुलिस की मौजूदगी में पुलिस के साथ भारतीय जनता पार्टी के गुंडे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के घर पर पहुँचाए गए. उनके घर के सीसीटीवी कैमरे तोड़े गए. बूम बैरियर तोड़े गए और सब कुछ पुलिस की मौजूदगी में हुआ. बीजेपी के गुंडों ने ये सब किया है. अरविंद केजरीवाल को चुनाव में हरा नहीं पाती, तो बीजेपी उन्हें ख़त्म करना चाहती है.”
उधर तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को कहा, “केजरीवाल को लगता है कि एक समुदाय विशेष को ख़ुश करने के लिए बार-बार हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुँचा कर वो बच जाएँगे. हिंदुओं पर हुए अत्याचार को झूठा बताने वाले केजरीवाल के बयानों से यह स्पष्ट है कि उनके लिए कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा उपहास का विषय है. केजरीवाल को माफ़ी मांगनी होगी.”
इस बीच आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने इस मामले की जाँच के लिए एक विशेष जाँच टीम के गठन की मांग की है. इसके लिए उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दाख़िल की है.
-एजेंसियां
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी: अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई जिला-महानगर अध्यक्षों की बैठक, मांगे गए संभावित प्रत्याशियों के नाम - August 31, 2026
- आगरा के ताजगंज में नगर निगम की ताबड़तोड़ छापेमारी: स्पा और होटल से आपत्तिजनक सामग्री मिलने से मचा हड़कंप - August 31, 2026
- ‘देखिए सर, तमंचा लोड तो नहीं है…’– कैमरे के सामने आगरा पुलिस के फिल्मी अंदाज ने सोशल मीडिया पर बटोरी सुर्खियां, अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी का ड्रामाई वीडियो चर्चा में - August 31, 2026