नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का हेलिकॉप्टर खराब मौसम के कारण खेत में उतारना पड़ा। घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके हेलिकॉप्टर की सुरक्षा को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल गईं।
हालांकि, पूर्व सांसद ने खुद एक वीडियो जारी कर बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा किए गए डेढ़ मिनट के वीडियो में उन्होंने कहा, “आज मेरा बिहार प्रदेश के अंदर दिनारा और संदेश विधानसभा में चुनावी सभा का कार्यक्रम था। संदेश विधानसभा में सभा पूरी करने के बाद जब मैं दिनारा के लिए रवाना हुआ, तो मौसम अचानक खराब हो गया। पायलट ने सूझबूझ से हेलिकॉप्टर को खेत में सुरक्षित लैंड करा दिया। किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई।”
बृजभूषण शरण सिंह ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा, “मैं इस समय गाड़ी में बैठकर पटना जा रहा हूं। हम सब सुरक्षित हैं, और हेलिकॉप्टर भी पूरी तरह ठीक है। यहां की जनता और प्रशासन ने भी भरपूर सहयोग किया।”
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह घटना सासाराम के छोटी सासराम और सरफाफर गांव के बीच हुई। जैसे ही हेलिकॉप्टर खेत में उतरा, ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मदद की। प्रशासन व पुलिस की टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला और पूर्व सांसद को पटना के लिए रवाना किया गया।
सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने या किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।
- मैया मायावती जी को…बसपा सुप्रीमो को मां दुर्गा के 10 हाथों वाले स्वरूप में दिखाने वाला पोस्टर चर्चा में - October 27, 2026
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026