पार्किंग स्थल बनाने का अधिकारियों को निर्देश
किले के दरवाजे पर नए बैरियर लगवाए जाएं
आगरा। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन में जनपद में आने वाले अतिथियों के तैयारियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आगरा किला का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित भारतीय पुरातत्व विभाग के अधिकारी से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि आगरा किला में टिकट काउंटरों का नया निर्माण कार्य कराया जा रहा है और पर्याप्त स्थान की व्यवस्था की जा रही है, जिससे आने वाले पर्यटक को अव्यवस्था का सामना न करना पड़े और शाहजहां गार्डन से पैदल चलने वाले पर्यटकों के लिये सीधे एक रास्ते का निर्माण किया जा रहा है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने आगरा किला के सामने से गुजरने वाले मंटोला नाले को देखा और उपस्थित अपर नगर आयुक्त को साफ-सफ़ाई व मरम्मत कार्य तथा पैदल पथ का निर्माण कार्य, प्रतिदिन पौधो पर जल का छिड़काव आदि कराने को निर्देशित किया। किले के सामने कुछ झोपड़ी बनाकर रहने वाले व्यक्तियों हेतु आवास आवंटित करने के लिये नगर-निगम को निर्देशित किया तथा उक्त स्थान को खाली कराकर साफ-सफ़ाई कराने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने छावनी बोर्ड के रिक्त स्थान को छावनी बोर्ड और आगरा विकास प्राधिकरण को समन्वय स्थापित कर पार्किंग स्थल बनाने एवं किले के दरवाजे पर नए बैरियर लगवाने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने किले के अंदर की व्यवस्थाओ का निरीक्षण के दौरान सम्बंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि किले की मरम्मत एवं साफ-सफ़ाई कराना सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी ने पूरे किले परिसर का भ्रमण किया तथा शिशुओं की देखभाल कक्ष की व्यवस्था को देखा।
इस अवसर पर सचिव, आगरा विकास प्राधिकरण गरिमा सिंह, भारतीय पुरातत्व विभाग अधिकारी राज कुमार पटेल , अपर नगर आयुक्त सुरेन्द्र प्रसाद यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026
- आगरा के बाह में रिटायर शिक्षक से 15 लाख हड़पने के लिए रची गई खौफनाक साजिश; पुलिस अधिकारियों के नाम पर ऐंठे रुपये, आरोपी गिरफ्तार - October 19, 2026
- ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला; बोले— पिता और चाचा की विरासत नहीं संभाल पा रहे सपा प्रमुख - October 19, 2026