Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. शास्त्रीपुरम, निखिल एनक्लेव, दहतोरा, द्वारिकापुरी, भावना अरोमा और इनसे लगी 32 कॉलोनियों में जलभराव की समस्या है। बारिश होते ही सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। फिर घरों में पानी घुस जाता है। इस समस्या का तात्कालिक समाधान कच्चा नाला है। इसी मांग को लेकर शास्त्रीपुरम जनसेवा समिति आगरा पंजीकृत द्वारा अवंतीबाई चौराहा, शास्त्रीपुरम पर धरना दिया जा रहा है। 16 सितंबर को धरना के दूसरे दिन बाजार पूरी तरह बंद रहा। जनता में भारी आक्रोश है।
नगर निगम की ओर से संयुक्त अपर नगर आयुक्त विकास सेन मौके पर आए। वे इस तरह की बातें करने लगे जो किसी को समझ नहीं आ रही थीं। तकनीकी ज्ञान देने लगे। इससे जनता में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोग नगर निगम हाय-हाय के नारे लगाने लगे। जनता का आक्रोश देख विकास सेन मौके से गायब हो गए।

15 सितंबर को शास्त्रीपुरम जनसेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह, सचिव डॉ. लाखन सिंह के नेतृत्व में देवेंद्र सिंह परमार, किशन सिंह चाहर, सुनील शर्मा, मीडिया प्रभारी तरुन कुमार, मनोज शर्मा, संदीप सिंह आदि ने ढोल के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। सबसे आग्रह किया कि समस्या का समाधान कराने के लिए आगे आएं। सभी ने हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया। फिर सभी ने स्वप्रेरणा से बाजार बंद कर दिया। कुछ ठेलवालों को समझाना पड़ा।
धरना शुरू होते ही जिलाधिकारी आगरा के पूर्व ओएसडी दिनेश कुमार वर्मा सारथी और मेघसिंह यादव एडवोकेट आ गए। उन्होंने शास्त्रीपुरम में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए समाधान की मांग की। निखिल एनक्लेव एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएम सिंह भदौरिया, नीलम सिंह भदौरिया अपनी पूरी टीम के साथ धरना स्थल पर बैठे। सपा के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने धरनास्थल पर आकर समर्थन दिया। लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव आदित्य गौतम, अजय प्रताप सिंह एडवोकेट, हरिकिशन फौजी, वंदन सिंह, नीलम भदौरिया, प्रेम सिंह सोलंकी, आरएसएस के भारत भूषण और मुकेश चंद गोयल आदि ने विचार रखे। संजय तिवारी सतत समर्थन कर रहे हैं।

अध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह और सचिव डॉ. लाखन सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को भी धरना जारी रहेगा। लोग भारी गुस्से में है। अगर कोई सकारात्मक समाधान न निकला तो रास्ता जाम किया जाएगा, जिसका जिम्मेदार नगर निगम होगा।
मीडिया प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि राजकिशोर सिंह परमार, मनोज कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव राजवीर सिंह, संगठन मंत्री अजय सिकरवार, जगदीश सोलंकी, संगठन सचिव सुनील शर्मा, सुभाष राठौर, मुन्नालाल राजपूत, शुभम पिप्पल, रामवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, अंकुर जैन, मनीष अग्रसेना, राजीव ओबराय धरना प्रदर्शन की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।

मैं धरना पर नहीं बैठीः पार्षद
इस बीच वार्ड 90 राममोहन नगर की पार्षद प्रवीणा राजावत ने कहा है कि वे धरना में शामिल नहीं हैं। हां, शास्त्रीपुरम की जन समस्या को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही हैं। 15 सितंबर के नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सतेंद्र कुमार और जोनल अधिकारी श्री वालियान को लेकर आई थीं। उन्हें मौके पर ले जाकर समस्या से अवगत कराया था। समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कराई थी। इसका अर्थ यह नहीं है कि वे धरना दे रही हैं।
- आगरा विकास मंच की पहल: हर शनिवार को निशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर बना राहत का माध्यम - June 1, 2025
- आगरा में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बच्चों ने निकाली रैली और ली सौगंध, तंबाकू खाएंगे न खाने देंगे - June 1, 2025
- लाइफटाइम निःशुल्क ओपीडी एवं ऑनलाइन परामर्श सेवा – गरीब व ज़रूरतमंदों के लिए समर्पित - May 31, 2025