भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की ओर से पाकिस्तान में गिरी मिसाइल के मामले पर संसद में बयान दिया है.
उन्होंने राज्यसभा में कहा कि ये मिसाइल निरीक्षण के दौरान अनजाने में छोड़ी गई थी जिसकी उच्च स्तरीय जांच की जाएगी.
राजनाथ सिंह ने कहा कि “आज मैं 9 मार्च 2022 को हुई एक घटना के बारे में जानकारी देना चाहता हूं. यह घटना निरीक्षण के दौरान एक मिसाइल के अनजाने में छोड़े जाने से संबंधित है. नियमित रख-रखाव और निरीक्षण के दौरान लगभग 7 बजे गलती से एक मिसाइल को छोड़ दिया गया था.’’
“बाद में पता चला कि मिसाइल पाकिस्तान के क्षेत्र में गिरी थी. इस घटना के लिए हमें खेद है, हमें राहत है कि दुर्घटना के कारण किसी को चोट नहीं आई. सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है, औपचारिक उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.’’
उन्होंने कहा, “इस जांच से दुर्घटना के सही कारण का पता चलेगा. मैं यह भी बताना चाहूंगा कि इस घटना के मद्देनज़र संचालन, रख-रखाव और निरीक्षण के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा की जा रही है.’’
“हम अपनी हथियार प्रणालियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं. यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा.’’
पाकिस्तान सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर बाबर इफ़्तिख़ार ने 10 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि मियां चन्नू में एक तेज़ गति से उड़ती हुई चीज़ गिरी थी जो शायद एक भारतीय मिसाइल थी.
अगले दिन 11 मार्च को भारतीय रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में स्वीकार किया था कि “नियमित रखरखाव के दौरान तकनीकी ख़राबी के कारण मिसाइल गलती से फ़ायर हो गई थी.”
-एजेंसियां
- SCMAGLEV ट्रेन में योगी का वीडियो वायरल: बुलेट ट्रेन के अनुभव पर बोले- भविष्य अब और भी करीब है - February 26, 2026
- लव एंड केयर चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिव्यांग प्रतिभाओं के लिए आयोजित किया भव्य कार्यक्रम - February 26, 2026
- प्योर विवाह 2026’ सफलतापूर्वक संपन्न: श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स (SRK) ग्रुप द्वारा आयोजित 12वां सामूहिक विवाह समारोह, 75 नवदंपतियों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की - February 26, 2026