आगरा। आगरा में हवाई यात्रियों की निरंतर बढ़ती संख्या विमान कंपनियों के लिए अच्छे संकेत दे रही है। यही वजह है कि इंडिगो ने आगरा से अहमदाबाद और बेंगलुरू के लिए सातों दिन उड़ान शुरू करने का फैसला किया है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य पूरा होने तक आगरा से प्रमुख शहरों में उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इंडिगो द्वारा अहमदाबाद, बेंगलुरू, मुंबई, हैदराबाद आदि शहरों के लिए उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इन सभी रूट्स पर यात्रियों की संख्या दिनोंदिन बढ़ रही है। आगरा से अहमदाबाद अभी सप्ताह में छह दिन और बेंगलुरू के लिए चार दिन फ्लाइट थी, जिसे अब अप्रैल माह से सातों दिन किया जा रहा है। वजह यह है कि इन दोनों रूट पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
मुंबई और हैदराबाद रूट पर अभी सप्ताह में तीन दिन फ्लाइट संचालित हैं। ये फ्लाइट्स भी ज्यादातर यात्रियों से फुल ही रहती हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों रूट्स की फ्लाइट्स भी सप्ताह में सातों दिन शुरू हो जाएंगी।
वर्तमान में खेरिया सिविल एयरपोर्ट पर पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। इसी वजह से सिविल एन्क्लेव का निर्माण शुरू हुआ है। दो-तीन साल में सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आगरा से देश के सभी बड़े शहरों में फ्लाइट उपलब्ध हो सकेंगी।
लखनऊ-भोपाल फ्लाइट अब नहीं चल रहीं
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत आगरा से लखनऊ और भोपाल के लिए भी फ्लाइट शुरू की गई थीं। स्कीम समाप्त होने के साथ ये दोनों फ्लाइट भी फिलहाल बंद चल रही हैं।
लाउंज शुरू होने से बढ़ी सुविधा
आगरा के खेरिया एयरपोर्ट तक जाने के लिए यात्रियों को अभी तक अर्जुन नगर गेट के बाहर सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ता था। इससे यात्रियो को बहुत परेशानी होती थी। अब अर्जुन नगर गेट पर एयरफोर्स स्टेशन परिसर में बना लाउंज शुरू होने से यह समस्या दूर हो गई है। अब अर्जुन नगर गेट पहुंचने के बाद यात्री ट्रॊली में अपना सामान रखकर गेट के अंदर बने लाउंज तक पहुंचते हैं। वहां पर ही चेक इन की औपचारिकताएं पूरी हो जाती हैं। लाउंज से एयरपोर्ट तक इंडिगो की बस से जाते हैं। अब यात्रियों से एयरपोर्ट से अर्जुन नगर गेट तक लाने के 50 रुपये भी नहीं वसूले जा रहे।
- Agra News: ट्रक के केबिन में हुई थी चालक की हत्या, 24 घंटे के भीतर खलासी गिरफ्तार - July 13, 2026
- आगरा का विद्युत शवदाह गृह बना प्रदेश के लिए मॉडल, महापौर ने भट्ठियों को जल्द ठीक कराने का दिया आश्वासन - July 13, 2026
- आगरा पुलिस का कड़ा प्रहार: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी और महिला से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार - July 13, 2026