हापुड़। जनपद हापुड़ में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में ततारपुर बाइपास से बुलंदशहर कट के पास एक चलते ट्रक से सड़क पर सफेद रंग की संदिग्ध धातु बिखर गई। अचानक हाईवे पर धातु गिरते ही राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और बाइपास पर लंबा जाम लग गया।
सफेद धातु देख रुके वाहन, अफवाहों ने बढ़ाई भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर की ओर से दिल्ली जा रहा ट्रक जैसे ही बुलंदशहर कट के समीप पहुंचा, उसी दौरान उससे सफेद रंग की धातु जैसी वस्तुएं सड़क पर गिरने लगीं। यह दृश्य देखते ही लोग अपने वाहन रोककर नीचे उतर आए। देखते-देखते यह चर्चा फैल गई कि सड़क पर गिरी धातु चांदी हो सकती है। अफवाह फैलते ही लोग धातु समेटने में जुट गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
वीडियो वायरल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जाम की सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को हटाया, सड़क खाली कराई और धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।
जांच जारी, चांदी होने की पुष्टि नहीं
थाना हापुड़ देहात के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि फिलहाल सड़क पर गिरी सफेद धातु के चांदी होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धातु किस ट्रक से गिरी और उसकी वास्तविक प्रकृति क्या है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह मामला लापरवाही से जुड़ा है या किसी अन्य कारण से। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।
- हल्द्वानी में शुद्धिकरण हवन पर सियासी विवाद गहराया: रैली के बाद मैदान साफ करने वाले युवक ने राहुल गांधी के खिलाफ कोतवाली में दी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग - August 30, 2026
- लखनऊ में हिंदु युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या, दुबग्गा में नहर के पास मिला शव - August 30, 2026
- Agra News: राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी और शिक्षिका का दर्द; पति पर होटल में बुलाकर चाकू से वार करने और जलती सिगरेट से दागने का गंभीर आरोप - August 30, 2026