राहुल गांधी से पूछताछ के खिलाफ अब टायर फूंककर उबाल निकाल रहे कांग्रेसी

राहुल गांधी से पूछताछ के खिलाफ अब टायर फूंककर उबाल निकाल रहे कांग्रेसी

POLITICS


नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के खिलाफ कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने ईडी दफ्तर के बाहर टायर फूंककर अपना विरोध जताया जबकि कांग्रेस दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहीं महिला कार्यकर्ताएं पुलिस से भिड़ गईं। प्रदर्शन कर रहीं महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री पर निशाना साधा। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह राहुल गांधी को निशाना बना रहे हैं। इस दौरान, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। इस बीच राहुल गांधी ईडी दफ्तर पहुंच चुके हैं।
नेशनल हेराल्ड मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “ये 8 साल का काला अध्याय है, इतिहास में इस 8 साल को अगर देखा जाएगा तो ये काला अध्याय के रूप मे देखा जाएगा क्योंकि इसमें संवैधानिक धज्जियां उड़ रही है, लोकतंत्र खतरे में हैं, देशवासी दुखी और तनाव में हैं।”
अशोक गहलोत ने कहा कि “गली-गली में तनाव है, ऐसा माहौल बन गया है कि राहुल गांधी ने जो लंदन में कहा कि केरोसिन छिड़क दिया गया है, इस बात को समझ जाना चाहिए कि इसके मायने क्या हैं? यही हो रहा है। रामनवमी पर सात राज्यों में दंगे भड़के, शुक्रवार की नमाज के दौरान यही हुआ।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि देश के हर मुद्दे को राहुल गांधी ने उठाया है और इसलिए उनको परेशान किया जा रहा है। भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा का जो राष्ट्रवाद है वो आयातित राष्ट्रवाद है, उस राष्ट्रवाद में जो भी विरोध में हो उसे दबा दिया जाए और कुचल दिया जाए।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि “ये होता है…लेकिन उन्हें ये बहुत महंगा पड़ेगा। आप कार्यकर्ता-नेता को कार्यालय में आने से प्रतिबंध लगाा रहे हैं। आप किसी को एक सीमा तक दबा सकते हैं उससे ऊपर नहीं। पूरा देश इस घटना को बेहद करीब से देख रहा है।” उन्होंने कहा, “पूरे देश में जो हालात है वो सबके सामने हैं। तीन दिन से हम लोग दिल्ली में हैं। पहले दिन 200 लोगों को अनुमति दी गई, कल कुछ नेताओं को अनुमति दी गई और आज तो हद हो गई कि हम अपने स्टाफ को भी नहीं ला सकते हैं।”
-एजेंसियां