अयोध्या: रामनवमी के शुभ अवसर पर आज रामनगरी अयोध्या में भक्ति और राजनीति का अनूठा संगम देखने को मिला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह ने अयोध्या पहुँचकर भगवान रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने हनुमानगढ़ी में मत्था टेकने के बाद भव्य राम मंदिर में दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना की।
“जब बुलावा आएगा, तो राहुल गांधी भी आएंगे”
दर्शन के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए जब दिग्विजय सिंह से सवाल किया गया कि राहुल गांधी अयोध्या कब आएंगे, तो उन्होंने बेहद आध्यात्मिक अंदाज़ में उत्तर दिया।
उन्होंने कहा, “यहाँ हर व्यक्ति तभी आता है जब भगवान उसे बुलाते हैं। मुझे बुलावा आया, तो मैं आ गया। जब राहुल गांधी को बुलावा आएगा, तो वे भी ज़रूर आएंगे।” धर्म का राजनीति और व्यापार के लिए दुरुपयोग न हो
भाजपा द्वारा कांग्रेस पर लगाए जाने वाले ‘राम विरोधी’ आरोपों का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनी आस्था के अनुसार धर्म के मार्ग पर चलता है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “हम धर्म का उपयोग राजनीति या व्यापार के लिए नहीं करते। धर्म आस्था का विषय है और इसका राजनीतिक दुरुपयोग कतई नहीं किया जाना चाहिए।”
राम मंदिर के लिए दिया 1.11 लाख का दान
अपनी व्यक्तिगत आस्था को स्पष्ट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उन्होंने कभी राम मंदिर का विरोध नहीं किया, बल्कि मंदिर निर्माण के लिए 1.11 लाख रुपये का दान भी दिया था। उन्होंने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के लिए मंगलकामना की।
दिग्विजय सिंह की यह यात्रा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है, विशेषकर ऐसे समय में जब भाजपा लगातार कांग्रेस की धार्मिक तटस्थता पर सवाल उठाती रही है।
- प्रयागराज पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी: केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को करेंगे संबोधित, स्वराज भवन में हुआ स्वागत - August 8, 2026
- रामु जाइ बन राजु तुम्हारा…कैकेयी के वरदान और श्रीराम के वनवास प्रसंग से भावुक हुआ कथा पांडाल, आंखों से बही अश्रुधारा - August 8, 2026
- मेरठ में सीएम योगी के दौरे से पहले हड़कंप: कार्यक्रम स्थल के पास आसमान में दिखा संदिग्ध ड्रोन, एटीएस और पुलिस जांच में जुटी - August 8, 2026