लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दिए जाने के बाद सियासी घमासान छिड़ गया है। सीएम योगी की इस चुनौती पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखा पलटवार करते हुए जोरदार हमला बोला है।
अखिलेश यादव का तंज— “एक युवा पीडीए प्रहरी ही काफी है”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनौती का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, “पवन का झोंका आएगा, अहंकार सब उड़ जाएगा… अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है।” उन्होंने आगे सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चोरों को क्लीन चिट देने वाले दरअसल इसके हिस्सेदार होते हैं। इस बार जनता उनके घमंड का सारा पानी उतार देगी, क्या वे लोकसभा चुनाव के नतीजे भूल गए हैं?
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि इस चुनावी मुकाबले में बाकी कसर अयोध्या की वे माताएं पूरी कर देंगी, जिन्होंने सरेआम दुखी मां का अपमान करते हुए दुर्व्यवहारी दंभियों को देखा है। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी दावा किया कि उनके अपने इंटरनल सर्वे से यह बात सामने आ चुकी है कि अयोध्या में बीजेपी की तरफ से कोई भी चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटाना चाहता।
क्या थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनौती?
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को सीधे तौर पर अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। सीएम योगी ने कहा था, “अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ें, हम भी लड़ेंगे। आमने-सामने मुकाबला हो जाए और तय हो जाए कि किसमें कितना दम है।”
माफियाओं और विरोधियों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने तंज कसा था कि जो लोग दूसरों के सामने नाक रगड़ते रहे हैं, वे भला क्या मुकाबला करेंगे। मुख्यमंत्री के इस तीखे बयान के बाद प्रदेश का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है और दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
- दिल्ली में आज INDIA ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च: कर्नाटक भवन में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा, मुख्य न्यायाधीश ने सांसदों का आवेदन नकारा - October 12, 2026
- CM योगी की चुनौती पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार: बोले— अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफी - October 12, 2026
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026